तमिलनाडु में आज से ‘विजय राज’ शुरू, CM बनते ही थलापति का बड़ा तोहफा, राज्य में 200 यूनिट बिजली फ्री

National

चेन्नई: दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत की। सुबह 10:15 बजे आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिल भाषा में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

​जब राज्यपाल ने विजय को टोका

शपथ ग्रहण के दौरान एक दिलचस्प वाकया हुआ। जोश से लबरेज विजय जब शपथ पत्र पढ़ रहे थे, तब वे निर्धारित पंक्तियों के अलावा अपनी ओर से कुछ बातें बोलने लगे। इस पर राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर ने उन्हें बीच में ही टोक दिया और शिष्टाचार का ध्यान दिलाते हुए कहा कि वे केवल वही शब्द पढ़ें जो शपथ पत्र में लिखे गए हैं।

सिर्फ अपनी पार्टी के मंत्रियों पर भरोसा

मुख्यमंत्री विजय के साथ 9 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कैबिनेट में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज और सेल्वी एस. कीर्तना जैसे नाम शामिल हैं। गौर करने वाली बात यह रही कि विजय ने अपने मंत्रिमंडल में केवल अपनी पार्टी TVK के विधायकों को ही जगह दी है; सहयोगी दलों के किसी भी सदस्य को फिलहाल मंत्री नहीं बनाया गया है।

पहली कलम से जनता को बड़ी राहत

शपथ लेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विजय एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने सचिवालय पहुँचते ही फाइलों के पहले सेट पर हस्ताक्षर किए, जिसमें आम जनता को बिजली बिल से बड़ी राहत देते हुए 200 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष फोर्स का महिला सुरक्षा दल का गठन और  राज्य में नशामुक्त अभियान को गति देने के लिए विशेष दस्ते एंटी ड्रग्स स्क्वॉड बनाने के आदेश शामिल हैं।

​”सभी के साथ न्याय करूँगा”: विजय

विजय ने शपथ के दौरान भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं बिना किसी डर के और विवेक के अनुसार अपने कर्तव्यों का पालन करूँगा। मैं किसी के दबाव में एकतरफा आदेश नहीं मानूँगा और राज्य के हर नागरिक के साथ पूर्ण न्याय सुनिश्चित करूँगा।”