आगरा: जिला मुख्यालय से दूर बाह क्षेत्र के थाना बासौनी अंतर्गत गांव गुंगावली में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात शातिर चोरों ने जमकर उत्पाद मचाया। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने महज 50 मीटर के दायरे में स्थित तीन घरों को एक साथ अपना निशाना बनाया। चोर इन घरों से लगभग 200 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और करीब 4 लाख रुपये कैश समेट ले गए। पीड़ित परिवारों के मुताबिक, चोरी गए कुल माल की कीमत 35 से 40 लाख रुपये के आसपास है। इस सामूहिक चोरी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
छत के रास्ते घुसे, सीढ़ी लगाकर दूसरी छत पर पहुंचे
जानकारी के अनुसार, चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सबसे पहले गांव के ही शिव नारायण शर्मा और उनके चचेरे भाई मोनू सहित तीन सटे हुए मकानों की छत पर चढ़े। इसके बाद सीढ़ी के सहारे वे एक-एक कर तीनों घरों के कमरों तक पहुंचे। वारदात के वक्त परिवार के लोग सो रहे थे। चोरों ने कमरों में रखीं अलमारियों और भारी बक्सों के ताले कटर या रॉड से तोड़े और पूरी तसल्ली से कीमती आभूषण व नगदी बटोरकर रफूचक्कर हो गए।
सुबह सामान बिखरा देख उड़े होश
शुक्रवार सुबह जब घर के लोग सोकर उठे, तो कमरों का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। तिजोरियां और अलमारियां खुली पड़ी थीं, सारा सामान फर्श पर बिखरा हुआ था और लॉकर में रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात गायब थे। पीड़ित परिवारों की चीख-पुकार सुनकर देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया।
“सिर्फ कागजों पर होती है गश्त” पुलिस पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
एक ही रात में तीन घरों में इतनी बड़ी चोरी की वारदात से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा स्थानीय पुलिस पर फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि बासौनी थाना पुलिस की रात्रि गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित है। क्षेत्र में पुलिस पिकेट या चेकिंग न होने की वजह से ही बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बेखौफ होकर एक के बाद एक घरों को खंगाल रहे हैं।
सीसीटीवी और संदिग्धों की तलाश जारी
वारदात की सूचना पाकर थाना बासौनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, इलाके के पुराने शातिर चोरों और संदिग्धों की गतिविधियों की भी कुंडली निकाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।


