आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के साउथ गेट क्षेत्र में पर्यटकों को अपने एम्पोरियम तक ले जाने की प्रतिस्पर्धा अब गंभीर कानूनी विवाद में बदल गई है। थाना ताजगंज क्षेत्र के दो एम्पोरियम संचालकों और उनसे जुड़े लोगों के बीच उपजा तनाव मारपीट और धमकियों के मुकदमों तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विवाद की शुरुआत 9 जून को हुई थी, जब शाहनवाज उर्फ सन्नू ने अभिषेक चौहान, संदीप बघेल और उनके साथियों के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया। शाहनवाज ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए कि उक्त लोगों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि रंगदारी भी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। साक्ष्य के तौर पर शाहनवाज ने घटना की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई है, जो फिलहाल जांच का मुख्य आधार बनी हुई है।
इस घटना के करीब 18 दिनों बाद, 26 जून को संदीप बघेल ने भी पलटवार करते हुए शाहनवाज उर्फ सन्नू, इमरान खान और साजी के खिलाफ तहरीर दी। संदीप ने भी शाहनवाज पक्ष पर मारपीट और विवाद पैदा करने के आरोप लगाए, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि दोनों मुकदमों में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। थाना ताजगंज पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन समीक्षा की जा रही है।
ताजमहल के साउथ गेट क्षेत्र में पर्यटकों को लेकर चलने वाली यह प्रतिस्पर्धा लंबे समय से तनाव का कारण बनी हुई थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


