चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का देश के 15 राज्यों में व्यापक असर: भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी; कमजोर पड़ रहा है साइक्लोन

National

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर मंगलवार को देश के कई राज्यों में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। इसके प्रभाव से देश के 15 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रभावित होने वाले प्रमुख राज्यों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु शामिल हैं। इस चक्रवाती असर के चलते तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

​अभी कहां है तूफान ‘मुरासु’ और किधर बढ़ रहा है?

​दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ पिछले छह घंटों के दौरान 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। 3 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे यह आंध्र प्रदेश के उसी क्षेत्र में केंद्रित था, जिसका केंद्र 15.7° उत्तरी अक्षांश और 80.2° पूर्वी देशांतर पर स्थित था।

​मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान ओंगोल से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व, बापटला से 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम, कावली से 90 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व, विजयवाड़ा से 100 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और मछलीपट्टनम से 120 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिणपश्चिम में स्थित था।

​आईएमडी का अनुमान है कि मुरासु आगे भी उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में अग्रसर रहेगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा। आज दोपहर तक इसके कमजोर होकर एक सामान्य चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है, जिस दौरान हवा की रफ्तार 80 से 90 किमी/घंटा (झोंकों के साथ 100 किमी/घंटा) तक रह सकती है। इसके बाद 3 नवंबर की आधी रात तक इसके और कमजोर होकर ‘डीप डिप्रेशन’ में तब्दील होने का अनुमान है, तब हवाओं की गति घटकर 55 से 65 किमी/घंटा रह जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम पर मछलीपट्टनम और विशाखापत्तनम स्थित डॉप्लर मौसम रडार के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है।

​इन 15 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

​भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज (मंगलवार) देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। इनमें मुख्य रूप से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ चुनिंदा इलाके शामिल हैं। यहां 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

राजधानी दिल्ली का मौसम

अगर राजधानी दिल्ली के मौसम की बात करें तो यहां भी आज मौसम विभाग ने भारी बारिश आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राजधानी में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

उत्तर प्रदेश और बिहार का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों में आज बारिश की आशंका है। इस दौरान आगरा, मथुरा, अलीगढ़, कानपुर, बहराइच, मेरठ, गाजियाबाद, महाराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, बलिया, गोरखपुर देवरिया में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।

आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार को बिहार के जमुई, बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, गोपालगंज, अररिया, गया, मुजफ्फरपुर, सिवान सारण में भारी बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही आंधी का भी अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी राज्यों (हिमाचल और उत्तराखंड) का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के भी कई जिलों में आज बारिश की संभावना है। इस दौरान चंबा, बिलासपुर, किन्नौर, सोलन, कुल्लू मंडी में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की आशंका है। मंगलवार को मनाली में अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उधर उत्तराखंड के हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा पिथौरागढ़ में भारी बारिश होने का अनुमान है। साथ ही इन सभी जिलों में आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान में मौसम शुष्क

IMD के मुताबिक, राजस्थान के कुछ इलाकों में आज हल्की बारिश का अनुमान है। हालांकि अधिकांश जिलों में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी जयपुर के अलावा अजमेर, कोटा, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर उदयपुर समेत राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. जबकि पूर्वी राजस्थान के धौलपुर, अलवर, दौसा, करौली, टोंक, सवाई माधोपुर, बारां, झालावाड़, बूंदी अन्य जिलों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है।