ताज एक्सप्रेस में सफर का सफरनामा बना ‘जंग का मैदान’: आगरा कैंट स्टेशन पर दो पक्षों के बीच हाथापाई, आरपीएफ ने संभाला मोर्चा

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, जब ताज एक्सप्रेस की बोगी नंबर-11 में सवार होने के दौरान दो परिवारों के बीच जमकर बवाल हो गया। ट्रेन में चढ़ने और जगह बनाने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से कोच में बैठे अन्य यात्री सहम गए और कोच के भीतर खलबली मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरा विवाद प्लेटफॉर्म नंबर-2/3 पर उस वक्त शुरू हुआ जब दोनों परिवार एक साथ ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। पहले आगे निकलने और सीट पर कब्जा करने की होड़ ने विवाद को जन्म दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के सदस्य एक-दूसरे से हाथापाई पर उतर आए। हंगामे के कारण ट्रेन के भीतर का नजारा किसी युद्ध क्षेत्र जैसा हो गया था। कुछ यात्रियों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन आक्रोशित लोगों के आगे वे बेबस नजर आए।

सूचना मिलते ही रेलवे स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तुरंत मौके पर पहुँचे। सुरक्षा कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों पक्षों को अलग-अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इस हंगामे के कारण प्लेटफॉर्म पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल, रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मामले की जांच कर रहे हैं।

स्टेशन प्रभारी के अनुसार, अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। यदि कोई पक्ष तहरीर देता है, तो वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।