अमरनाथ यात्रा के लिए आवेदन की प्रक्रिया आज से शुरू, ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन!

Religion/ Spirituality/ Culture

अमरनाथ यात्रा के लिए आवेदन की प्रक्रिया आज 11 अप्रैल से शुरू हो गई है। गौरतलब है कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लोग हर साल जाते हैं, और फिर अगले साल की यात्रा पर जाने के लिए इंतजार करते हैं लेकिन कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरे दो साल के बाद अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। इस साल होने वाली यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के सीईओ नीतीश्वर कुमार ने कहा था कि अमरनाथ यात्रा इस साल 30 जून से शुरू होगी, जो 43 दिनों तक चलेगी।

ऐसे करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

अगर आप इस साल अमरनाथ यात्रा पर जाकर बाबा बर्फानी के दर्शन करना चाहते हैं तो इसके लिए आप इसकी आधिकारिक वेबसाइट https://jksasb.nic.in/register.aspx पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। यहां पर जाकर आपको अपनी सारी जरूरी जानकारी भरनी होती है।
वेबसाइट पर आपको एक फॉर्म मिलता है, जिसे यात्रा के लिए ऑनलाइन भरना होता है। इसके अलावा यहां पर आपको अपनी मेडिकल से संबंधित जानकारी भी देनी होती है। एप के जरिए भी आप रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

ये दस्तावेज हैं जरूरी

अगर आप अमरनाथ यात्रा पर जाना चाहते हैं तो आपको इसके लिए तीन चीजों की जरूरत होती है। आपको सबसे पहले एप्लिकेशन फॉर्म चाहिए होता है, जिसे आपको पूरा भरना होता है। इसके अलावा यात्रा पर जाने वाले व्यक्ति का हेल्थ सर्टिफिकेट और श्रद्धालु की चार पासपोर्ट साइज की फोटो भी चाहिए होती हैं।

ये है पात्रता

अमरनाथ यात्रा में रजिस्ट्रेशन करवाते समय इसकी पात्रता के बारे में भी जानना जरूरी है। अगर आपकी उम्र 13 साल से 75 साल के बीच है तो आप यात्रा कर सकते हैं लेकिन 6 महीने से ज्यादा की गर्भवती महिलाएं यात्रा का हिस्सा नहीं बन सकतीं।

-एजेंसियां