मथुरा: श्रीकृष्ण-जन्मस्थान की सुप्रसिद्ध लठामार-होली का आयोजन 14 मार्च को

Religion/ Spirituality/ Culture

मथुरा। श्रीकृष्ण-जन्मस्थान की सुप्रसिद्ध लठामार-होली का आयोजन रंगभरी एकादशी तद्नुसार 14 मार्च 2022 को किया जा रहा है। प्रिया-प्रियतम की इस प्रेम-रसमयी होली को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित करने के लिए श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान एवं जय श्रीकृष्ण लठामार होली समिति के पदाधिकारियों की बैठक जन्मस्थान कार्यालय में  दिनांक 02 मार्च 2022 बुधवार को सम्पन्न हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, उप मुख्य अधिशाषी अनुराग पाठक, जयश्रीकृष्ण लठामार होली समिति के श्री किशोर भरतिया, नन्दकिशोर अग्रवाल, महेश चंद, पंकज अग्रवाल, राजीव गुप्ता एवं अनिलभाई अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

इस संबंध में जानकारी देते हुये श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि केशव वाटिका में लठामार होली कार्यक्रम के मध्य जगदीश ब्रजवासी का गायन, राजेश शर्मा, श्रीमती शालिनी एवं उनके सहयोगी कलाकारों द्वारा होली के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। इस वर्ष लठामार होली में रावल ग्राम के हुरियारे-हुरियारिनों के साथ-साथ श्रीकृष्ण-जन्मस्थान से जुड़े भक्तजन की भी सहभागिता रहेगी। लठामार होली के मध्य में पुष्प, गुलाल एवं पुष्पार्क (टेसू के पुष्प जल ) की वर्षा नयनाभिराम अलौकिक दृश्य को सजीव करेगी।

इस विश्व प्रसिद्ध लठामार होली आयोजन को भव्यता एवं दिव्यता एवं रसमय बनाने के लिए कई मन गुलाल, पुष्प की पंखुड़ियों की वर्षा की जायेगी। इससे परिसर की छटा अत्यन्त दिव्य एवं मनोहारी हो जायेगी।