आगरा से मसूरी घूमने जा रहे दोस्तों की कार सहारनपुर में दुर्घटनाग्रस्त: दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Regional

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और वीभत्स हादसा सामने आया है। आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले पांच दोस्तों की थार कार रविवार तड़के सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

​तेज धमाके के साथ पलटी थार, मची अफरा-तफरा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। तेज रफ्तार थार कार जब बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि गाड़ी पूरी तरह पलटी हुई थी और उसके परखच्चे उड़ चुके थे।

​हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद गाड़ी में सवार दो युवक उछलकर पुल के नीचे जा गिरे थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकालने के साथ ही पुल के नीचे गिरे युवकों को भी एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

​मृतकों और घायलों की पहचान

इस हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान साहिल तिवारी (25 वर्ष), राहुल सिंह (25 वर्ष) और सक्षम गौतम (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में सचिन और हेमंत वर्मा शामिल हैं, जो आपस में चचेरे भाई हैं। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

​घायल सचिन ने बताया कि पांचों दोस्त शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा से मसूरी के लिए रवाना हुए थे। गाड़ी हेमंत चला रहा था और सचिन उसके ठीक बगल वाली सीट पर बैठा था, जबकि पिछली सीट पर राहुल, सक्षम और साहिल बैठे थे। सचिन के मुताबिक, हादसे के वक्त वह सो रहा था और जब उसकी आंख खुली तो उसने खुद को सड़क पर घायल अवस्था में पाया।

साहिल, राहुल और सक्षम की मौत से परिवारों में मातम

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक आगरा के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले थे। साहिल तिवारी, उम्र करीब 25 वर्ष, भूड़ का बाग, शांतिनगर निवासी बताया गया है। सक्षम, करीब 22-26 वर्ष, शांतिनगर/कमला नगर क्षेत्र का निवासी था और सन फार्मा में कार्यरत था। राहुल गौतम, तेज नगर/टेढ़ी बगिया क्षेत्र से जुड़ा बताया गया है और वह सुभाष नगर स्थित डॉ. पंकज गुप्ता के यहां कार्यरत था। तीनों युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके घरों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया।

राहुल ने पिता से कहा था घूमने जा रहा हूं

राहुल के पिता गोपाल सिंह ने बताया कि राहुल शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गाड़ी लेकर घर से निकला था। रात करीब आठ बजे उन्होंने फोन किया तो राहुल ने कहा था कि वह घर आ रहा है। कुछ देर बाद राहुल ने फोन कर बताया कि वह दोस्तों के साथ घूमने जा रहा है। पिता ने उसे घर लौटने के लिए कहा, लेकिन राहुल ने घूमने जाने की बात कही। रविवार सुबह करीब पांच बजे परिवार को हादसे की जानकारी मिली। कमला नगर में रहने वाले उनके भतीजे ने फोन कर बताया कि राहुल का एक्सीडेंट हो गया है। राहुल पांच भाई-बहनों में से एक था। उसकी मौत की खबर से परिवार पूरी तरह टूट गया।

सक्षम को मिली थी तीन दिन की छुट्टी

सक्षम के पिता राजेंद्र गौतम ने बताया कि सक्षम दो बेटों में बड़ा था। शनिवार को ड्यूटी से घर लौटने के बाद उसने बताया था कि उसे तीन दिन की छुट्टी मिली है और वह मसूरी घूमने जा रहा है। शाम करीब सात बजे सक्षम दोस्तों के साथ घर से निकल गया। रविवार सुबह पुलिस की ओर से परिवार को फोन आया कि सक्षम अस्पताल में भर्ती है। परिजनों को उम्मीद थी कि उसे चोट लगी होगी और इलाज के बाद वह ठीक हो जाएगा। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

​पुलिस की जांच जारी

​एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नागल क्षेत्र में थार गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर अचानक गाड़ी अनियंत्रित कैसे हुई। इस घटना के बाद से पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।