भारत के खिलाफ सुनियोजित डिजिटल अभियान बेनकाब; चीनी व्लॉगर्स पर बांग्लादेश के वीडियो को ‘नई दिल्ली’ बताकर प्रसारित करने का गंभीर आरोप

Exclusive

​नई दिल्ली। भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से एक बड़ा और सुनियोजित डिजिटल षड्यंत्र सामने आया है। चीनी व्लॉगर्स और लाइवस्ट्रीमर्स के एक समूह पर यह गंभीर आरोप लगा है कि वे बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पिछड़े, गंदे और संकरे इलाकों में वीडियो शूट कर रहे हैं और उन्हें भारत की राजधानी नई दिल्ली का हिस्सा बताकर प्रसारित कर रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला केवल गरीबी या बदहाली दिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित भारत विरोधी अभियान काम कर रहा है, जिसके जरिए अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भारतीय समाज, जीवन शैली और व्यवस्था को लेकर गलत और भ्रामक धारणाएं फैलाई जा रही हैं।

विदेश मंत्रालय ने जताई कड़ी चिंता

​इस संवेदनशील मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने इसे बेहद “अफसोसजनक” बताया है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि संबंधित अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेंगे और इस प्रकार की भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई करेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस तरह के कृत्यों से वैश्विक पटल पर भारत की सकारात्मक छवि को नुकसान पहुँचाने की जानबूझकर कोशिश की जा रही है।

ढाका की गलियों को बताया जा रहा नई दिल्ली

​खुफिया और आधिकारिक रिपोर्टों से यह संकेत मिलते हैं कि चीनी व्लॉगर्स का यह समूह पिछले कई महीनों से बांग्लादेश के ढाका के विभिन्न इलाकों—विशेषकर टेकपाड़ा और उत्तरा क्षेत्रों में सक्रिय है। ये लोग तड़के सुबह से लेकर देर रात तक लगातार लाइवस्ट्रीमिंग और वीडियो निर्माण में जुटे रहते हैं।
​इन वीडियो क्लिप्स में ढाका के दृश्य दिखाए जाते हैं, लेकिन कैप्शन और टिप्पणियों में इन्हें भारत की जीवन स्थितियों, साफ-सफाई, खान-पान और गरीबी से जोड़कर पेश किया जाता है। इसके साथ ही भारतीय समाज के खिलाफ जमकर अपमानजनक और फूहड़ टिप्पणियां की जाती हैं, ताकि सनसनीखेज सामग्री के जरिए सोशल मीडिया पर भारत की नकारात्मक छवि गढ़ी जा सके।

​’डॉयिन’ और ‘वीचैट’ पर चल रहा है प्रसारण

यह पूरा मामला डिजिटल युग में गलत सूचनाओं (Misinformation) और डीपफेक/छेड़छाड़ की गई सामग्री की बढ़ती चुनौती को भी उजागर करता है, जहाँ बिना किसी प्रामाणिकता के ऐसी भ्रामक सामग्रियां पलभर में लाखों लोगों तक पहुँच जाती हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस गतिविधि में करीब 150 चीनी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। ये सभी मुख्य रूप से चीन के घरेलू और प्रतिबंधित सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारण कर रहे हैं, जिनमें चीन का लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म ‘डॉयिन’ (Doyin) और मैसेजिंग एवं सोशल नेटवर्किंग ऐप ‘वीचैट’ (WeChat) प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस खुलासे के बाद से सुरक्षा और कूटनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।