आगरा। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में रंगबाजी और दबंगों का खौफ एक बार फिर चरम पर दिखाई दे रहा है। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगला मोहनलाल इलाके में हथियारबंद युवकों ने दुस्साहस की सभी हदें पार करते हुए दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। आरोप है कि ये दबंग पहले फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे और इसके बाद असलहे लेकर सीधे घरों के बाहर जा धमके। यहाँ उन्होंने घरों के मुख्य गेट और मकानों पर धड़ल्ले से गोलियां बरसाईं। अचानक हुई इस अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग अपने घरों में दुबक गए।
वारदात के बाद घरों के बाहर कई कारतूस पड़े मिले। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर किसकी शह पर हथियारबंद युवक खुलेआम इस तरह फायरिंग कर रहे हैं और उन्हें पुलिस का जरा भी खौफ क्यों नहीं है?
पहले फोन पर बातचीत, फिर घरों के बाहर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, नगला मोहनलाल में हुई इस वारदात में विवेक, पंजाबी और उनके साथियों के नाम सामने आ रहे हैं। आरोप है कि इन युवकों ने पहले फोन पर बातचीत की। इसके बाद दो अलग-अलग युवकों के घरों को निशाना बनाया। आरोपी वहां पहुंचे और घरों के गेट तथा मकानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने जिस तरह दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया, उससे यह महज हवाई फायरिंग का मामला नहीं, बल्कि दहशत फैलाने और अपनी दबंगई दिखाने की कोशिश प्रतीत हो रही है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की असली वजह और आरोपियों का मकसद पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीसीटीवी में कैद हुई दबंगई, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस घटना से जुड़े बताए जा रहे सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फुटेज में कथित आरोपियों की गतिविधियां सामने आने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घरों के बाहर लगे कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है तो आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।
‘बहुत असलहे हैं मेरे पास…’ धमकी भरे ऑडियो ने बढ़ाई सनसनी
फायरिंग की घटना के बीच एक धमकी भरा ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक युवक दूसरे व्यक्ति को धमकाते हुए कह रहा है, ‘बहुत असलहे हैं मेरे पास, मिलो तब बताऊंगा।’ इतना ही नहीं, ऑडियो में युवक पूरी रात क्षेत्र में रहने की बात भी कहता सुनाई दे रहा है।
फायरिंग के सीसीटीवी फुटेज और इस धमकी भरे ऑडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। हालांकि, वायरल ऑडियो और वीडियो की प्रामाणिकता तथा उनमें सुनाई दे रही आवाज और दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
रंगबाजी के विवाद में पहले हो चुकी है राज चौहान की हत्या
नगला मोहनलाल में हुई इस वारदात ने क्षेत्र के पुराने खूनी विवादों की याद भी ताजा कर दी है। इससे पहले रंगबाजी और वर्चस्व की लड़ाई में राज चौहान की हत्या हो चुकी है। उस मामले में पुलिस ने अलग-अलग गैंग से जुड़े कई युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बावजूद क्षेत्र में एक बार फिर हथियारों का प्रदर्शन और खुलेआम फायरिंग के आरोप सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते ऐसे तत्वों पर सख्ती नहीं की गई तो रंगबाजी की यह लड़ाई फिर किसी बड़ी वारदात में बदल सकती है।
पुलिस कार्रवाई पर टिकी लोगों की निगाहें
दो घरों पर फायरिंग, मौके पर मिले कारतूस, वायरल सीसीटीवी फुटेज और धमकी भरे ऑडियो ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों की मांग है कि वायरल फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए, उनके हथियारों की पड़ताल हो और फायरिंग में शामिल सभी युवकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
फिलहाल इस पूरे मामले में वायरल सामग्री की सत्यता, फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। लेकिन नगला मोहनलाल की इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि इलाके में रंगबाजी के नाम पर हथियारों का प्रदर्शन स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

