फिरोजाबाद: जनसेवा केंद्र पर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपियों की धरपकड़ शुरू

Crime

फिरोजाबाद। जनसेवा केंद्र पर बैंक खाते का बैलेंस चेक कराने गई 17 वर्षीय किशोरी से केंद्र संचालक और उसके साथी ने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर उसे जनसेवा केंद्र में ही बंद करके फरार हो गए। परिजन जब ढूढ़ते हुए जनसेवा केंद्र पहुँचे तो जनसेवा केंद्र बंद था। तभी रोने की आवाज सुनाई देने पर जनसेवा केंद्र खोल कर देखा तो परिजनों के होश उड़ गए। नाबालिग पुत्री बदहवास स्थिति में थी। पीड़ित परिवार ने सारी घटना जानकर पुलिस को सूचना दी और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए है।

बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता का आरोप है कि छारबाग निवासी आरोपी कुलदीप जनसेवा केंद्र चलाता है। 20 मार्च (रविवार) को कुलदीप अपने साथी बॉबी के साथ केंद्र पर था। सुबह करीब 11 बजे 17 वर्षीय पुत्री बैंक की पासबुक लेकर खाते में बैलेंस चेक कराने पहुंची थी। आरोप है कि कुलदीप और बॉबी ने कुछ देर बाद बैलेंस चेक करने की बात कहते हुए किशोरी से बैठने को कहा। इसी बीच आरोपियों ने जनसेवा केंद्र के शटर को बंद कर किशोरी से दुष्कर्म किया। दोनों आरोपी किशोरी को दुकान के अंदर बंदकर भाग गए। करीब दो घंटे बाद जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो खोजबीन करते हुए परिवार के लोग केंद्र पर पहुंचे।

आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जनसेवा केंद्र के अंदर से किशोरी के रोने की आवाज सुनाई दी। शटर खोलकर देखा तो किशोरी बदहवास पड़ी थी। सूचना पर थाना लाइनपार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित किशोरी को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा। पीड़िता के पिता की तहरीर पर कुलदीप और बॉबी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस संबंध में सीओ सदर हीरालाल कनौजिया का कहना है कि थाना लाइनपार में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।