आगरा: आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सचिन ड्रीम्स कॉलोनी के समीप बुढ़िया के ताल के पास घटित हुआ। महिला अपने पति के साथ आगरा में आयोजित टीईटी परीक्षा में शामिल होकर घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
शिक्षक बनने का सपना अधूरा रह गया
मृतक की पहचान 38 वर्षीय प्रिया चतुर्वेदी के रूप में हुई है, जो फिरोजाबाद जिले के थाना कोटला क्षेत्र के गांव लतीपुर की निवासी थीं। प्रिया गृहिणी थीं और शिक्षिका बनने का सपना संजोए हुए थीं। परिजनों ने बताया कि वह घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से टीईटी परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। परीक्षा देकर लौटते समय हुए इस हादसे ने न केवल उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां भी छीन लीं। प्रिया अपने पीछे तीन वर्ष और एक वर्ष की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं।
जम्मू में तैनात हैं पति मोहित
प्रिया के पति 40 वर्षीय मोहित चतुर्वेदी जम्मू में जीआरपी में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे और पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए आगरा लेकर आए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वे बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि प्रिया की मौके पर ही मौत हो गई।
उपचार जारी, हालत खतरे से बाहर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर एत्मादपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल मोहित चतुर्वेदी को एत्मादपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, मोहित के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सीसीटीवी के आधार पर ट्रक की तलाश जारी
पुलिस ने प्रिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एत्मादपुर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान कर जल्द ही चालक को हिरासत में लिया जाएगा। इस घटना के बाद से मृतक के गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।


