​यूपी में जेठ के महीने में सावन जैसा अहसास: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, कई जिलों में झमाझम बारिश और ओले का अलर्ट

Regional

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में जहां जेठ के महीने में आमतौर पर आसमान से आग बरसती है और लोग लू के थपेड़ों से बेहाल रहते हैं, वहीं इस बार कुदरत का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। जेठ की शुरुआत इस बार चिलचिलाती धूप के बजाय ठंडी फुहारों और गरज-चमक के साथ हुई है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश का मौसम पूरी तरह पलट गया है। सोमवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का दौर शुरू हो गया है, जिससे पारे में भारी गिरावट आई है।

​मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बदलाव के चलते प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जो भीषण गर्मी से जूझ रहे यूपी वासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। सोमवार को राजधानी लखनऊ के साथ-साथ आगरा, अलीगढ़ और कानपुर जैसे बड़े शहरों में झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।

​इन इलाकों में ओलावृष्टि का ‘ऑरेंज अलर्ट’

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में मौसम खराब रहने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद के आसपास के क्षेत्रों में भी तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।

​गोरखपुर में दिन में छाया अंधेरा, बच्चों ने उठाया लुत्फ

गोरखपुर में सोमवार दोपहर को मौसम का मिजाज नाटकीय अंदाज में बदला। सुबह की कड़ी धूप के बाद अचानक आसमान में काले बादल घिर आए और देखते ही देखते दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश ने शहर की सूरत बदल दी। तेज हवाओं और गिरती बूंदों ने उमस भरी गर्मी को छू-मंतर कर दिया। इस सुहावने मौसम का सबसे ज्यादा आनंद बच्चे लेते दिखे, जो सड़कों और छतों पर बारिश में भीगते नजर आए।

​आगरा में 6 मई तक रहेगा ‘कूल-कूल’ माहौल

ताजनगरी आगरा में मौसम के बदलाव की आहट रविवार देर रात से ही मिलने लगी थी। तेज आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी ने फिजां में ठंडक घोल दी, हालांकि ग्रामीण इलाकों में आंधी के कारण कुछ पेड़ गिरने की खबरें भी आईं। सोमवार सुबह एक बार फिर ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने शहरवासियों को राहत दी।

मौसम विभाग का कहना है कि आगरा में यह सिलसिला रुक-रुक कर 6 मई तक जारी रह सकता है। आगामी कुछ दिनों तक धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी, जिससे फिलहाल लू चलने के आसार नहीं हैं।