आगरा: थाना मलपुरा और सदर क्षेत्र की सीमा से सटे रोहता इलाके में सेंट पीटर कॉलेज के पीछे एक नव विकसित कॉलोनी में बुधवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक बेहद खूनी घटनाक्रम सामने आया है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक युवक ने पहले कथित तौर पर एक युवती को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि घायल युवती को तुरंत पुलिस द्वारा एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवक की पहचान अरुण (पुत्र धर्मवीर सिंह) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती एक फौजी की पुत्री बताई जा रही है। उसे गंभीर हालत में सैनिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में खलबली मच गई। भारी पुलिस फोर्स के साथ एसीपी (ACP) और एडीसीपी (ADCP) स्तर के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी। चूंकि घटनास्थल सदर और मलपुरा थानों की सीमा पर स्थित है, इसलिए शुरुआती दौर में क्षेत्रधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति भी बनी रही, जिसे पुलिस ने आपसी समन्वय से स्पष्ट किया।
प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला
प्राप्त शुरुआती जानकारियों के आधार पर यह पूरा मामला आपसी प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई, युवक ने युवती पर हमला करने के बाद खुद को गोली क्यों मारी और इस वारदात में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया इन सभी पहलुओं की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस और फॉरेसिंक टीम साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है। पुलिस का मुख्य फोकस फिलहाल घायल युवती का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और घटना की असली वजह का पता लगाने पर है।
