आगरा: सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में आठ जोड़ों की शादी, धर्मगुरुओं ने दिया आशीर्वाद

स्थानीय समाचार

आगरा। सर्व सहाय सेवा समिति ने रविवार को अग्रवन में सर्व जातीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया। इसमें आगरा समेत कासगंज, हाथरस, शमसाबाद और फर्रुखाबाद के आठ जोड़े वरमाला और सात फेरे लेने के दाम्पत्य सूत्र में बंध गए।

जोड़ों को धर्मगुरुओं एवं समाज सेवियों ने आशीर्वाद देकर गृहस्थी का जरूरी सामान उपहार स्वरूप भेंट किया। कार्यक्रम में सामूहिक प्रीतिभोज में हजारों लोगों ने भोजन ग्रहण किया। सुबह की बेला में समिति के संरक्षक महेश चंद्र अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर सामूहिक बारात का शुभारंभ किया। सभी आठ वर अलग-अलग घोड़ियों पर सामूहिक बरात लेकर अग्रवन पहुंचे। वरमाला और सातफेरे की रश्म सम्पन्न होने के बाद नव दम्पत्ति परिणय सूत्र में बंध गए। निर्धन माता-पिता की चिंता दूर करने लिए संस्था ही इस पहल की सभी ने सराहना की। दुर्गा वाहिनी, एनसीसी कैडेट्स और नागरिक सुरक्षा संगठन ने समारोह की व्यवस्थाएं संभालीं।

समिति द्वारा इन आठ जोड़ों सहित अब तक कुल 60 निर्धन बेटियों का घर बसाया जा चुका है। समिति के महामंत्री आशीष अग्रवाल और रमन अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। समिति के अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल एडवोकेट और कोषाध्यक्ष सुनील गर्ग ने अतिथियों का स्वागत किया।