आगरा मेयर के ‘भोसले-घोसले’ विवाद में कूदीं राखी सावंत: मेयर की शिक्षा पर उठाए सवाल, बोलीं— “क्या ये पढ़ी-लिखी नहीं हैं?”

Regional

आगरा/मुंबई: ताजनगरी की महापौर (मेयर) हेमलता दिवाकर कुशवाहा का एक कथित वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। अब इस विवाद में बॉलीवुड की ‘ड्रामा क्वीन’ राखी सावंत की एंट्री हो गई है। राखी सावंत ने मेयर के सामान्य ज्ञान और शिक्षा पर तीखा तंज कसते हुए मुंबई में पत्रकारों के सामने अपनी बेबाक राय रखी है।

राखी सावंत का तीखा प्रहार: “आशा भोसले इतना बड़ा नाम है”

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो क्लिप में राखी सावंत कहती नजर आ रही हैं, “आगरा की मेयर को भोसले और घोसले में अंतर नहीं पता? भोसले कितना बड़ा परिवार है। आशा भोसले जी संगीत जगत का कितना बड़ा नाम हैं। ये लोग पढ़े-लिखे नहीं हैं क्या?” राखी का यह बयान इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है और लोग इसे मेयर की फजीहत के रूप में देख रहे हैं।

​क्या था पूरा मामला?

​विवाद की शुरुआत रविवार को एक ‘नारी वंदन’ कार्यक्रम के बाद हुई। मेयर हेमलता दिवाकर का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वे मशहूर गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दे रही थीं। वीडियो में मेयर पहले अपने साथियों से हंसते हुए पूछती हैं, “आशा भोसले सिंगर थीं न?” जवाब मिलने पर वे आगे कहती हैं, “मैं भूल जाती हूं।” इसके बाद श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने दो बार आशा भोसले को ‘आशा घोसले’ कहकर संबोधित किया। यह वीडियो देखते ही देखते ट्रोलर्स के हत्थे चढ़ गया।

मेयर की सफाई: “वीडियो फेक और एडिटेड है”

चारों तरफ से घिरने के बाद महापौर हेमलता दिवाकर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर सफाई पेश की। उन्होंने एक नया वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया कि वायरल वीडियो ‘फेक’ है और उनकी छवि खराब करने के लिए उसके साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने इसे व्यूज और लाइक बटोरने का हथकंडा करार दिया।

जनता ने भी नहीं छोड़ा: “गलती मानना सीखें मैडम”

मेयर की सफाई पर भी यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया। लोगों का कहना है कि मेयर अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उसे छिपाने की कोशिश कर रही हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कुछ इस तरह की प्रतिक्रियाएं दीं।

एक यूजर ने लिखा “मैडम, गलती किसी से भी हो सकती है, उसे स्वीकार करना चाहिए। उसे छिपाने के लिए दूसरी गलती करना और भी गलत है।” दूसरे ने तंज कसा “एडिटेड तो यह नया वाला वीडियो लग रहा है। ओरिजिनल को एडिटेड और एडिटेड को ओरिजिनल बताया जा रहा है।” एक अन्य ने लिखा “भगवान, तू कहाँ है! ये क्या हो रहा है?”

फिलहाल राखी सावंत के बयान को लेकर आगरा मेयर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नही दी गयी है ।