बाबा साहब के संविधान की ताकत से ही मैं दो बार उपमुख्यमंत्री बना, आगरा में भीमनगरी मंच से डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा बयान

Regional

आगरा: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगरा के जीआईसी (GIC) मैदान पर सजी 31वीं भीमनगरी बुधवार को आस्था और उत्साह के चरम पर रही। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही ‘जय भीम’ और ‘नमो बुद्धाय’ के जयघोष से आसमान गूंज उठा। इस अवसर पर थाईलैंड से आए भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो ने बौद्ध वंदना के साथ भव्य ‘चक्रवर्ती सम्राट अशोक महल’ का विधिवत उद्घाटन किया।

संविधान ने दी पिछड़ों और दलितों को शक्ति: केशव मौर्य

भीमनगरी के विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भावुक होते हुए कहा, “आज मैं यदि दूसरी बार उत्तर प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बना हूँ, तो यह केवल और केवल बाबा साहेब के लिखे संविधान की देन है। इसी संविधान की शक्ति है कि देश की एक आदिवासी बेटी आज राष्ट्रपति पद पर आसीन है और नरेंद्र मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं।” उन्होंने संकल्प दोहराया कि भाजपा सरकार बाबा साहेब के ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संकल्पों को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

​गिन्नी माही के गीतों पर झूमी भीमनगरी

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण प्रख्यात पंजाबी गायिका गिन्नी माही रहीं। जैसे ही उन्होंने मंच से ‘मैं फैन बाबा साहेब दी’ और ‘बन कर मसीहा आया भीमा’ जैसे क्रांतिकारी और सुरीले गीत छेड़े, पूरा मैदान झूम उठा। हजारों की संख्या में मौजूद युवाओं और महिलाओं ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। गिन्नी माही ने अपने गीतों के माध्यम से तथागत बुद्ध और बाबा साहेब के मानवतावादी संदेश को जन-जन तक पहुँचाया।

​सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी भीमनगरी

भीमनगरी के कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि इस बार आयोजन में आगरा के अलावा फिरोजाबाद, हाथरस और अलीगढ़ जैसे जिलों से भी हजारों लोग पहुंचे हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि समाज की तरक्की का एकमात्र रास्ता कलम और किताब से होकर गुजरता है।

आज होगा 100 जोड़ों का ‘धम्म’ विवाह, चंद्रशेखर आजाद होंगे अतिथि

​आयोजन समिति के अनुसार, 16 अप्रैल (गुरुवार) को भीमनगरी में ऐतिहासिक नजारा दिखेगा। यहाँ बौद्ध रीति-रिवाज से 100 जोड़ों का दहेज मुक्त सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। तहसील चौराहे से 100 घोड़ों पर भव्य बारात निकलेगी जो जीआईसी मैदान पहुंचेगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद चंद्रशेखर आजाद शिरकत करेंगे।

​दिग्गजों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।