ताजनगरी में सीएम योगी का ‘राधे-राधे’, आगरा को जल्द मिलेगा ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, 342 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

Regional

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय आगरा दौरे के दौरान विकास की नई गाथा लिखी। फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में सीएम योगी ने आगरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट का बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आगरा में न केवल एयरपोर्ट विकसित कर रही है, बल्कि इसे ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। यह घोषणा ताजनगरी के पर्यटन और औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

342 करोड़ की 53 परियोजनाओं की दी सौगात

मुख्यमंत्री ने लगभग 342 करोड़ रुपये की लागत वाली 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आगरा के विकास को नई गति देंगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएंगी। उन्होंने सभी नागरिकों को इन परियोजनाओं की बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

‘राधे-राधे’ से शुरू हुआ संबोधन

ब्रजभूमि की सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘राधे-राधे’ कहकर की। जैसे ही उन्होंने मंच से यह शब्द बोले, पूरा कार्यक्रम स्थल ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रज की पावन धरती पर आना हमेशा उनके लिए सौभाग्य की बात होती है। उन्होंने कहा कि “चरणों की इस पावन धरा को नमन करने का अवसर मिला है। आप सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं और इन विकास परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बदलेगी आगरा की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आगरा को केवल घरेलू विमानन सुविधा तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट देने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, उद्योग, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा ताजनगरी को वैश्विक पहचान और मजबूती मिलेगी।

अपराधियों को दो टूक संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था पर सरकार का सख्त रुख दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जो लोग बहन-बेटियों या व्यापारियों पर बुरी नजर डालते हैं, उनकी जगह या तो जेल में है या फिर जहन्नुम में। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में आम जनता की समस्याओं पर कोई सुनवाई नहीं होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय “सैफई सिंडीकेट” जनता की मेहनत की कमाई की लूट-खसोट में लगा रहता था। आज प्रदेश में पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था स्थापित की गई है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यों की जानकारी ली तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

बच्चों से मिले, चॉकलेट बांटी

प्रदर्शनी के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा तथा उन्हें चॉकलेट वितरित कर उत्साहित किया। बच्चों से मुख्यमंत्री का आत्मीय व्यवहार कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा।

चांदी की चम्मच से कराया अन्नप्राशन संस्कार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने चांदी की चम्मच से बच्चे को खीर खिलाकर भारतीय परंपरा के इस संस्कार को संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। अन्नप्राशन भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण संस्कार है, जो शिशु के जीवन में ठोस आहार की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस भावुक क्षण का तालियों के साथ स्वागत किया।

जरदोजी कला का भेंट स्वरूप मिला भगवान श्रीकृष्ण का चित्र

आगरा प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पारंपरिक स्वागत किया गया। उन्हें आगरा की प्रसिद्ध जरदोजी कला से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भेंट किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सांसद राजकुमार चाहर ने उठाई आलू प्रोसेसिंग यूनिट की मांग

कार्यक्रम के दौरान फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में आलू प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि आगरा और आसपास के जिलों में बड़े पैमाने पर आलू का उत्पादन होता है, लेकिन प्रसंस्करण इकाइयों के अभाव में किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। यदि क्षेत्र में आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होती है तो किसानों को बेहतर दाम मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा और कृषि आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी।