राजस्थान: डिस्कॉम के इंजीनियर की रिटायरमेंट पार्टी में नाचीं बार बालाएं, फूहड़ डांस के वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

Regional

राजस्थान के अजमेर डिस्कॉम के इंजीनियरों की पार्टी में अश्लील डांस के वीडियो इस समय सुर्खियों में है। बार बालाओं के साथ अश्लील डांस के वीडियो तेजी के साथ वायरल भी हो रहे हैं। वायरल वीडियो में डिस्कॉम के कई अधिकारी और कर्मचारी बार गर्ल्स के साथ फूहड़ डांस करते दिख रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद अब डिस्कॉम में हड़कंप मचा हुआ है। सीनियर अधिकारी बोलने से भी कतरा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक अजमेर डिस्काॅम के एक सीनियर इंजीनियर 30 जून को रिटायर्ड हुए थे। उन्होंने रिटायरमेंट से पहले जूनियर और सीनियर इंजीनियर्स के लिए पुष्कर के एक रिसोर्ट में इस पार्टी का आयोजन किया था। यह पार्टी 18 जून को हुई जिसका वीडियो अब सामने आया है और सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक गिफ्ट और शराब के लिए मांगे गए रुपए को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ और उसके बाद यह वीडियो वायरल होने लगे। इन वीडियो में सीनियर और जूनियर अधिकारी बार बालाओं के साथ अश्लील डांस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हाई प्रोफाइल थी पार्टी

बताया जाता है कि डिस्कोम इंजीनियर की यह पार्टी बड़ी ही हाई प्रोफाइल थी जिसमें 11 जिलों से आए इंजीनियर और कर्मचारियों ने भाग लिया था। डांस और शराब पार्टी के इस वीडियो में कई लोगों ने नोट भी उड़ाए। यह पार्टी शाम को शुरू हुई और देर रात तक चली। डांस और शराब पार्टी के वीडियो को लेकर डिस्कॉम में खासी चर्चा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पार्टी में वीडियो बनाए जाने पर मनाही थी, मगर शराब के नशे में कुछ लोगों ने वीडियो बना लिए। जो आपसी विवाद के चलते अब सामने आए हैं।

पार्टी के लिए 5 हजार तक मांगे

18 जून को पार्टी देने वाले इंजीनियर के लिए एक और पार्टी 30 जून को पुष्कर के एक अन्य होटल में हुई थी। जिसमें इंजीनियरों से गिफ्ट, पार्टी और शराब के लिए 5-5 हजार तथा क्लर्क एवं हेल्परों से 1500-1500 रुपए मांगे गए। इस पर शराब नहीं पीने वाले कर्मचारियों ने विरोध किया। मगर जबरन पैसे लिए गए। इसके बाद इंजीनियरों एवं कर्मचारियों के आपसी विवाद के चलते वीडियो वायरल हो गए।

एमडी बोले – ‘जल्द कार्रवाई करेंगे’

अजमेर डिस्कॉम के एमडी एन एस निर्माण ने पहले तो इस तरह की किसी भी पार्टी की जानकारी होने से इंकार किर दिया, लेकिन वीडियो दिखाने पर वे जांच की बात कहते दिखे। उन्होंने कहा कि जो वीडियो सामने आए हैं, उनकी जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। अश्लील पार्टी का आयोजन करने वाले शेखावत ने कहा कि ‘खुशी में पार्टी दी थी, दोस्त थे, सहकर्मी थे, कुछ और थे। कोई अश्लीलता नहीं थी।’

-एजेंसी