लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भारतीय राजनीति के पन्नों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। पीएम मोदी अब भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सरकार (शासन प्रमुख के रूप में) चलाने वाले नेता बन गए हैं। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए इसे ‘जनविश्वास का प्रतीक’ बताया है।
सीएम योगी का संदेश: ‘विकसित भारत’ के सारथी को सलाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रधानमंत्री के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा, “145 करोड़ भारतीयों की सुख, समृद्धि और संतुष्टि के लिए सतत साधनारत, राष्ट्र के अमृतकाल के सारथी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को भारत के सर्वाधिक लंबे समय तक सेवा देने वाले शासन प्रमुख बनने पर हार्दिक बधाई।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण को समर्पित यह ऐतिहासिक कीर्तिमान देश की जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ भारत आज वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कभी न हारने का सफर: 2001 से अब तक
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह लंबे समय तक इस पद पर बने रहे और अपने कार्यकाल में कभी चुनाव नहीं हारे। साल 2014 में प्रधानमंत्री पद के लिए नाम सामने आने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने 2014 में लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर प्रधानमंत्री पद संभाला। इसके बाद 2019 और 2024 में भी उन्होंने लगातार जीत दर्ज की। खास बात यह है कि अपने पूरे राजनीतिक करियर में उन्होंने अब तक कोई बड़ा चुनाव नहीं हारा है।
प्रधानमंत्री के रूप में उनके इस लंबे कार्यकाल ने न केवल भारत की आंतरिक राजनीति बल्कि वैश्विक स्तर पर भी देश की छवि को मजबूती दी है। ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ की उनकी संकल्पना आज साकार रूप ले रही है।
