आगरा: एसएन मेडिकल कॉलेज में सेवा का महा-उत्सव, स्वास्थ्य सेवा यात्रा में निस्वार्थ योगदान देने वाले 200 से अधिक चिकित्सक सम्मानित

स्थानीय समाचार

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) ब्रज प्रांत द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन 200 से अधिक डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों का अभिनंदन किया गया, जिन्होंने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेवा यात्रा’ के दौरान शहर की सेवा बस्तियों में निस्वार्थ स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की थीं।

1400 मरीजों तक पहुँचाया स्वास्थ्य का उजियारा

डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत आगरा की विभिन्न बस्तियों में 20 निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों के माध्यम से करीब 1400 जरूरतमंद मरीजों का न केवल स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, बल्कि उन्हें उचित परामर्श और निःशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।

​’अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे चिकित्सा सेवा’

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सेवाभावी चिकित्सकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवा बस्तियों में जाकर शिविर लगाना चिकित्सा के साथ-साथ एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी है। वहीं, आरएसएस के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने इसे ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का साक्षात उदाहरण बताया।

​एनएमओ ब्रज प्रांत के अध्यक्ष एवं एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि एक सच्चे चिकित्सक का परम कर्तव्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी वंचित वर्गों के लिए इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

​इन हस्तियों का हुआ सम्मान

समारोह में डॉ. टी.पी. सिंह, डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. मयंक अग्रवाल, डॉ. वरुण अग्रवाल, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. विकास कुमार, डॉ. पुनीत भारद्वाज, डॉ. सुशील सिंघल, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. प्रदीप देब, डॉ. शिखा सिंह और डॉ. रेनू अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अंकुर गोयल ने किया, जबकि अंत में डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।