आगरा के DBRAU की पहल: गुजरात दिवस पर नगला तल्फी में गूंजा ‘स्वच्छता का संदेश’, छात्रों ने किया श्रमदान

विविध

आगरा: डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में ‘गुजरात दिवस’ के अवसर पर सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के समाज विज्ञान संस्थान (समाज कार्य विभाग) द्वारा नगला तल्फी गाँव में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था।

​श्रमदान और क्लीन ड्राइव

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राजीव वर्मा एवं प्रो. रणवीर सिंह के नेतृत्व में विभाग के छात्र-छात्राओं और सदस्यों ने गाँव में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया। छात्रों ने स्वयं श्रमदान कर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों को साफ किया और एक प्रभावी ‘क्लीन ड्राइव’ संचालित की। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि स्वच्छता केवल दिखावा नहीं, बल्कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और सामाजिक विकास की पहली शर्त है।

​शिक्षक और छात्र रहे सक्रिय

इस अभियान को सफल बनाने में समाज कार्य विभाग की अतिथि संकाय सदस्य स्वाति राजपूत, ऐश्वर्या सिंह और नरेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभाग के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें कचरा प्रबंधन व स्वच्छता के लाभ समझाए।

​सामाजिक विकास का आधार है स्वच्छता

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश प्रसारित किया गया कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गाँव की स्वच्छता अनिवार्य है। विश्वविद्यालय के इस प्रयास की ग्रामीणों और प्रबुद्ध वर्ग द्वारा सराहना की गई।