आगरा में भाजपा महिला शक्ति की हुंकार: जन आक्रोश पदयात्रा में गूंजा नारी शक्ति का नारा, फूंके विपक्ष के पुतले

Politics

आगरा: ताजनगरी के उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दीनदयाल मंडल में भारतीय जनता पार्टी की महिला विंग ने एक विशाल ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

मारुति एस्टेट से बोदला तक पदयात्रा

हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए महिलाओं का हुजूम मारुति एस्टेट चौराहे से शुरू होकर बोदला चौराहे तक पहुँचा। इस दौरान महिलाओं ने विपक्ष पर परिवारवाद को बढ़ावा देने और महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। पदयात्रा के समापन पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेताओं का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा: राजकुमार गुप्ता

जनसभा को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का संकल्प नारी शक्ति के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।” उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से विपक्ष घबरा गया है।

चुनाव में जवाब देने का संकल्प

प्रदर्शन में शामिल महिला पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आगामी चुनावों में महिलाएं एकजुट होकर विपक्ष को करारा जवाब देंगी। पदयात्रा में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल के साथ संध्या जोशी, रंजना पवार, पार्षद प्रवीणा राजावत, हेमलता अग्रवाल, पार्षद सुषमा जैन, सिंपल अग्रवाल और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।