आगरा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में आगरा में न्याय प्रणाली को सुलभ और त्वरित बनाने के लिए ‘समाधान समारोह’ की घोषणा की गई है। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में आगामी अगस्त माह में विशेष लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा।
अगस्त में तीन दिवसीय समाधान समारोह
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (आगरा) के पूर्णकालिक सचिव ने बताया कि दिनांक 23, 24 और 25 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को कानूनी पेचीदगियों से राहत दिलाना और लंबित मुकदमों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण करना है।
9 मई को भी लगेगा न्याय का मेला
अगस्त के विशेष आयोजन से पूर्व, 9 मई 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर सहित विभिन्न न्यायालयों में लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्व न्यायालय (Revenue Court), पुलिस आयुक्त कार्यालय (Police Commissioner Office), परिवार न्यायालय (Family Court), लारा कोर्ट (LARA Court), कंज्यूमर कोर्ट (Consumer Court), कमर्शियल कोर्ट (Commercial Court) से संबंधित वाद निस्तारित किए जा सकेंगे।
आपसी समझौते से न्याय की अपील
प्राधिकरण के सचिव ने अपील की है कि पक्षकार अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपने मुकदमों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराएं। लोक अदालत में होने वाले फैसले अंतिम होते हैं और इनमें समय व धन दोनों की बचत होती है।


