नई दिल्ली: पांच राज्यों में चुनावी प्रक्रिया संपन्न होते ही आम जनता पर महंगाई का बड़ा बोझ डाल दिया गया है। आज शुक्रवार से तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की कीमतों में भारी वृद्धि की है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडरों के दाम अभी स्थिर रखे गए हैं।
आगरा में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें आसमान पर
ताजनगरी आगरा में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। यहाँ 19 किलो वाला सिलेंडर अब ₹3125.5 का हो गया है, जो पहले ₹2132.5 में उपलब्ध था। वहीं, घरेलू सिलेंडर की कीमत बिना किसी बदलाव के ₹924.50 पर बरकरार है।
छोटू सिलेंडर ने बिगाड़ा बजट
महंगाई की सबसे ज्यादा मार प्रवासी मजदूरों, छात्रों और रेहड़ी-पटरी वालों पर पड़ी है। सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाले 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 261 रुपये की वृद्धि की गई है। अब यह सिलेंडर ₹549 के बजाय ₹810 में मिलेगा।
मेट्रो शहरों का हाल
दिल्ली और मुंबई: कमर्शियल सिलेंडर ₹993 महंगा हुआ।
कोलकाता: यहाँ कीमतों में ₹994 की सबसे अधिक बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
बदल गया सिलेंडर लेने का तरीका (DAC सिस्टम लागू)
कीमतों में बढ़ोत्तरी के साथ ही आज से गैस सिलेंडर की डिलीवरी का नियम भी बदल गया है। अब ‘डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’ (DAC) सिस्टम को अनिवार्य कर दिया गया है।
सिलेंडर की डिलीवरी के समय आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। यह ओटीपी दिखाए बिना डिलीवरी पूरी नहीं मानी जाएगी। यदि मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, तो डिलीवरी बॉय मौके पर ही ऐप के जरिए उसे अपडेट कर सकेगा, जिसके बाद ही कोड जनरेट होगा।
आईओसी (IOC) के अनुसार, देश के लगभग 33 करोड़ घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल कीमतों में बढ़ोत्तरी से सुरक्षित रखा गया है। लेकिन कमर्शियल गैस महंगी होने से बाहर खाना-पीना और होटल-रेस्टोरेंट की सेवाएं महंगी होना तय है।

