आगरा में इंसानियत तार-तार: शाहगंज में अपनी बड़ी बहन के साथ क्लीनिक पर गई चार साल की बच्ची के साथ कंपाउंडर ने की अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार

Crime

आगरा: ताजनगरी के शाहगंज थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक क्लीनिक पर अपनी बड़ी बहन के साथ दवा लेने गई मात्र 4 साल की मासूम बच्ची के साथ वहां तैनात कंपाउंडर ने अश्लील हरकत की। इस घिनौनी वारदात के बाद पीड़ित परिवार को डराने और मामले को पंचायत के जरिए रफा-दफा करने की भी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है।

क्लीनिक के अंदर मासूम से हैवानियत

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:00 बजे की है। क्षेत्र की रहने वाली एक नन्हीं बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ पास के ही एक क्लीनिक पर दवा लेने पहुँची थी। आरोप है कि वहां मौजूद कंपाउंडर असीम उस्मानी की नीयत मासूम को देखकर डोल गई। उसने बच्ची को बहला-फुसलाकर क्लीनिक के अंदर एक एकांत हिस्से में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। हैवानियत का शिकार हुई बच्ची घबराकर रोने लगी और किसी तरह वहां से भागकर बाहर खड़ी अपनी बहन के पास पहुँची।

पंचायत और समझौते का बनाया गया दबाव

मासूम ने सिसकते हुए पूरी बात अपनी बड़ी बहन और घर पहुँचकर अपनी माँ को बताई। जब आक्रोशित परिजन शिकायत लेकर क्लीनिक पहुँचे, तो वहां मौजूद कुछ रसूखदारों ने आरोपी को बचाने की कवायद शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि उन पर पुलिस के पास न जाने और ‘राजीनामा’ करने का भारी दबाव बनाया गया। मामले को शांत करने के लिए पंचायत बैठाने की भी कोशिश की गई, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपी सलाखों के पीछे

पीड़ित परिवार इन दबावों के आगे नहीं झुका और सीधे शाहगंज पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन में आई। एसीपी लोहामंडी, गौरव सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी कंपाउंडर असीम उस्मानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।