आगरा। राष्ट्र की शांति, वैश्विक कल्याण और जनसेवा की मंगलकामना के संकल्प के साथ कमला नगर के डी-ब्लॉक स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के छठवें दिन धार्मिक आस्था, उल्लास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में हो रहे इस महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर ऊर्जा व सामर्थ्य मिलने की कामना की गई। साथ ही भगवान महावीर के अहिंसा, शांति और विश्व बंधुत्व के संदेश के साथ देश-दुनिया में सुख-समृद्धि व सद्भावना के लिए प्रार्थना की गई।
प्रातःकाल पूज्य मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज और मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य तथा प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन व डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई।
धार्मिक अनुष्ठान के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में सहभागिता निभाई। उन्होंने परिवार और अन्य इंद्र-इंद्राणियों के साथ विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित कर अर्घ्य समर्पित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु व ऊर्जावान जीवन की मंगलकामना की गई।
पूरे उत्तर प्रदेश में पहली बार निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा
इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण पूरे उत्तर प्रदेश में पहली बार आयोजित हुई चक्रवर्ती की भव्य दिग्विजय शोभायात्रा रही। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में राज्यसभा सांसद नवीन जैन के छोटे भाई चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती का स्वरूप धारण कर उनकी भूमिका निभाई। भरत चक्रवर्ती के रूप में उनका स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच खासा आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं सौधर्म इंद्र के रूप में सांसद नवीन जैन अपनी पत्नी रेनू जैन के साथ विशेष श्वेत रथ पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा के अग्रिम भाग में दो व्यक्ति बैनर लेकर चल रहे थे, जिनके पीछे नगाड़ा वादक के साथ सुसज्जित ऊंट, दो जैन ध्वजवाहक तथा वर्दीधारी संचालकों के साथ पांच सजी-धजी घोड़ियां शामिल थीं। इसके अलावा एक अन्य नगाड़ा वादक, ढोल दल, बच्चों की आकर्षक झांकी और बुआओं की झांकी ने भी सभी का ध्यान खींचा।
यात्रा में छह मंचीय झांकियां, एक डीजे वाहन और कई बैंड दल शामिल रहे। श्रीजी का भव्य रथ, पूज्य महाराजश्री का ससंघ विहार और 12 छत्रधारी शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की मधुर धुनों और भक्ति के उत्साह के बीच जैन समाज के लोगों ने जयकारों के साथ हिस्सा लिया।
कमला नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर से शुरू होकर चक्रेश जैन जी की कोठी, सी-ब्लॉक, श्रीराम मंदिर और टंकी रोड होते हुए डी-ब्लॉक की ओर से पुनः मुख्य पंडाल पहुंची। पूरे मार्ग पर व्यापारी वर्ग, श्रद्धालुओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भागीदारी निभाई।
मुख्य पंडाल पहुंचने पर भरत चक्रवर्ती के स्वरूप में चक्रेश जैन ने किमिच्छतदान देकर दिग्विजय उत्सव की परंपरा को साकार किया। इस प्रसंग के माध्यम से दान, त्याग, परोपकार और लोककल्याण का संदेश दिया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जीवंत हुए भरत चक्रवर्ती के प्रसंग
शोभायात्रा के साथ हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चक्रेश जैन ने भरत चक्रवर्ती के जन्म से विवाह तक की लीलाओं का मंचन प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त भगवान ऋषभदेव का वैराग्य, चक्ररत्न की उत्पत्ति और केवलज्ञान जैसे प्रसंगों को भी मंच पर जीवंत किया गया। इन प्रस्तुतियों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पंडाल जयकारों से गूंजता रहा।
’अज्ञानता से बाहर निकलकर सत्य को पहचानें’: मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज
मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन की दिशा और दशा को मनुष्य के ज्ञान एवं अज्ञान से जोड़ते हुए आत्मचिंतन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य स्वयं को ज्ञानी मानता है, लेकिन अपने दुखों के वास्तविक कारण को नहीं पहचान पाता। कठपुतली का उदाहरण देते हुए मुनि श्री ने समझाया कि यदि मनुष्य का हर कार्य किसी अन्य सत्ता के नियंत्रण में है, तो फिर उसके स्वयं के अस्तित्व और पुरुषार्थ का क्या महत्व रह जाता है? उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे अपने निर्णयों को समझें और अज्ञानता से बाहर निकलकर सत्य को पहचानने का प्रयास करें।
पीएनसी परिवार सहित बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
नौ दिवसीय आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। कार्यक्रम में पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, अंकिता जैन व आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
साथ ही मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, सकल दिगंबर जैन समाज कमला नगर के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा वर्ग और आगरा के जैन संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


