आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आवारा कुत्तों का आतंक, कई बार कर चुके हैं यात्रियों पर हमला, जिम्मेदार बेखबर

स्थानीय समाचार

आगरा: अगर आप ट्रेन से सफर कर रहे हैं और आप का स्टॉपेज आगरा कैंट रेलवे स्टेशन है तो आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आप जरा संभल कर उतरियेगा। क्योंकि आवारा कुत्ते आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर घूम रहे हैं। वो आपका आपकी बिना मर्जी के स्वागत भी कर सकते हैं।

आवारा कुत्तों की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती चली जा रही हैं। नगर निगम और संबंधित विभाग लगाम नहीं लगा पा रहा है। आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म पर आधा दर्जन से अधिक कुत्ते आपको सोते हुए या टहलते हुए दिखाई दे जाएंगे । लेकिन ये कब खूंखार हो जाएं और आपको अपना शिकार बना लें, यह कोई नहीं जानता।

आवारा कुत्तों द्वारा आम व्यक्तियों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन देश के प्रतिष्ठित रेलवे स्टेशनों में अपना नाम दर्ज कराने वाले आगरा कैंट स्टेशन पर भी आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आगरा रेल मंडल के अधिकारियों ने इस ओर कोई कदम नहीं उठाया है। शायद उन्हें भी प्लेटफार्म पर किसी बड़ी घटना का इंतजार है जिसके बाद ही वह भी आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कोई कदम उठाएगा।

आपको बता दें कि सोमवार को ही जिला अस्पताल में एक मासूम बच्ची को भर्ती कराया गया था। उस पर खूंखार कुत्ते ने हमला कर दिया था। उसके 36 टांके आए थे। बाद में डॉक्टरोें ने आॅपरेशन किया था।