Agra News: प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों में आएगी तेजी, CDO ने एक सप्ताह में निर्माण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

स्थानीय समाचार

आगरा: जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की तस्वीर बदलने वाली ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ योजना अब अपने अंतिम चरण में है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO), आगरा ने विकास भवन सभागार में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी शेष कार्यों को पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

85 प्रतिशत कार्य पूर्ण, अब फिनिशिंग पर जोर

बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अभियंताओं ने अवगत कराया कि अधिकांश राजकीय विद्यालयों में निर्माण कार्य 80 से 85 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। CDO ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट किया कि गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को जल्द ही आधुनिक और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण मिल सके।

विवादित स्थलों पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश

समीक्षा में यह बात सामने आई कि कुछ विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण के दौरान भूमि चिन्हांकन और स्थानीय स्तर पर विवादों के कारण कार्य बाधित है। इस पर CDO ने संबंधित उपजिलाधिकारियों (SDMs), शिक्षा विभाग और निर्माण एजेंसी को संयुक्त रूप से समन्वय स्थापित कर तकनीकी अवरोधों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय विवादों के कारण शासन की महत्वपूर्ण योजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्य विकास अधिकारी ने दोटूक शब्दों में कहा कि विद्यालयों में सुदृढ़ आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी।

​बैठक में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य और विभागीय अभियंता उपस्थित रहे। निर्धारित समय सीमा के बाद कार्यों की प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी।