गाजियाबाद (लोनी): रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने गाजियाबाद पुलिस को भी हैरान कर दिया है। लोनी के टोली मोहल्ला इलाके में एक बेटे ने अपनी संपत्ति के लालच में अपने 80 वर्षीय पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए आरोपी बेटे ने अपनी महिला मित्र का इस्तेमाल कर पिता को ‘हनीट्रैप’ में फंसाने और ब्लैकमेल करने की खौफनाक साजिश रची थी।
ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल और मर्डर
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक अजीजुद्दीन (80) अपने बेटे बिलाल की आदतों से परेशान थे और उसे संपत्ति से बेदखल करना चाहते थे। इसी डर से बिलाल ने अपनी महिला मित्र खुशबू और दोस्त निसार अली के साथ मिलकर योजना बनाई। बिलाल ने खुशबू को पिता से संबंध बनाने के लिए तैयार किया ताकि उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें मजबूर किया जा सके। 8 अप्रैल को पिता को एक किराए के कमरे में बुलाया गया, लेकिन जब बुजुर्ग ने खुशबू की हरकतों का विरोध किया और वहां से भागने की कोशिश की, तो बिलाल और उसके साथियों ने मिलकर उनका गला घोंट दिया।
किराए के कमरे में मिला शव
हत्या के तीन दिन बाद अजीजुद्दीन का शव घर के पास ही एक कमरे में मिला, जिसे बिलाल ने खुशबू के नाम पर किराए पर लिया था। मृतक की पत्नी नसरीन की शिकायत पर पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन ने बिलाल की पोल खोल दी।
30 शहरों में तलाश, मुंबई में पकड़ा गया कातिल
हत्या के बाद आरोपी बिलाल गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिर अपराधियों की तरह व्यवहार कर रहा था। वह लगातार मोबाइल और सिम बदल रहा था और दिल्ली-मुंबई समेत 30 से ज्यादा शहरों में छिपता रहा। पुलिस ने उसे मुंबई से दबोचा, जबकि उसकी महिला मित्र खुशबू को दिल्ली के पटेल नगर से गिरफ्तार किया गया।
संपत्ति का लालच पड़ा पिता पर भारी
पूछताछ में बिलाल ने कबूला कि पिता उसे संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते थे, इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार साथी निसार अली की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

