अयोध्या सरयू हादसा: जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, नदी में डूबे बस्ती के तीन दोस्त; तलाश जारी

Regional

अयोध्या: ​धर्मनगरी अयोध्या में गुरुवार को सरयू स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बस्ती जिले से अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने आए तीन युवक सरयू की तेज धारा में बह गए। घटना के बाद पूरे घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक लापता युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

​जन्मदिन मनाने आए थे बस्ती के युवा

जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती इलाके का रहने वाला किशन सोनी अपने दोस्तों अभिषेक कुमार सोनी, सुजल और राज गुप्ता के साथ अयोध्या आया था। गुरुवार को किशन का जन्मदिन था। सभी दोस्तों ने मिलकर जन्मदिन मनाया और फिर खुशी-खुशी सरयू स्नान के लिए लक्ष्मण घाट पहुंचे।

आंखों के सामने ओझल हुए दोस्त

किशन ने बताया कि वह घाट पर बैठा था, जबकि उसके तीनों दोस्त नहाने के लिए पानी में उतरे। धीरे-धीरे वे गहरे पानी की तरफ चले गए। किशन ने उन्हें कई बार आवाज दी, लेकिन तभी अचानक तीनों तेज बहाव की चपेट में आ गए। एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में वे और गहरे पानी में समा गए। किशन अपनी आंखों के सामने अपने दोस्तों को डूबते देख बेबस चिल्लाता रहा।

​बड़ा हादसा टला, लेकिन 3 अब भी लापता

जिस समय यह हादसा हुआ, उसी दौरान अमरोहा से आए दो अन्य श्रद्धालु भी डूबने लगे थे। हालांकि, मुस्तैद जल पुलिस ने समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बस्ती के इन तीन युवकों का घंटों बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है।

​प्रशासन का सर्च ऑपरेशन जारी

एडीएम (वित्त एवं राजस्व) अमित भट्ट ने बताया कि SDRF और गोताखोरों की मदद से नदी के गहरे हिस्सों को खंगाला जा रहा है। लापता युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिनका घाट पर रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा घेरे के भीतर ही स्नान करें और तेज बहाव वाली जगहों की ओर जाने का जोखिम न उठाएं।