आगरा में बोले डिप्टी सीएम केशव मौर्या, राहुल गांधी का मानसिक संतुलन खराब, अखिलेश हैं गुंडों के सरदार

Politics

आगरा: यहां आज व्यापारी सम्मेलन में आए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाने साधे। कांग्रेस नेता के अमेरिका में दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मानसिक संतुलन खराब है। उन्हें आगरा के मानसिक रोग अस्पताल में भर्ती कराया जाना चाहिए। सपा अध्यक्ष अखिलेश के लिए उन्होंने कहा कि वह गुंडों के सरदार हैं।

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश से 80 सीटें जीतेगी। मीडिया से बात करते हुए मौर्या ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से सपा अध्यक्ष की मुलाकात पर कहा कि सब विरोधी साथ मिल जाएं, लेकिन जनता उनके साथ मिलने वाली नहीं है। जनता कमला खिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुआ कहा कि सपा गुंडों की पार्टी है और अखिलेश उनके सरदार हैं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका में जाकर भारत के खिलाफ बयानबाजी कर देश और लोकतंत्र का अपमान किया है। राहुल गांधी की मानसिक स्थिति खराब हो गई है। उन्हें आगरा के अस्पताल में भर्ती करा देना चाहिए। प्रियंका गांधी के राय बरेली से चुनाव लड़ने की संभावना पर उन्होंने कहा कि वो कहीं से भी चुनाव लड़ लें, उनका सूपड़ा साफ ही होना है।

इससे पूर्व आरबीएस कॉलेज में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहाकि भाजपा की रीति-नीति से जनता खुश है। जनका का भरपूर समर्थन मिल रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार न केवल व्यापारी बल्कि हर वर्ग को साथ लेकर चल रही है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा 2014 का आंकड़ा पार करते हुए उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी।