आगरा: शाहगंज के वेस्ट अर्जुन नगर में मिला बुजुर्ग महिला का शव

Crime

आगरा: थाना शाहगंज के वेस्ट अर्जुन नगर में बीती रात बुजुर्ग महिला का शव उसी के घर में मिला।
60 साल की प्रतिभा कुलश्रेष्ठ 15 दिन पहले ही अपने घर आई थीं। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुला लिया गया। कानूनी कार्रवाई कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी इस घटना से सूचित कर दिया।

भरतपुर में रहता है परिवार

सीओ लोहामंडी अर्चना सिंह ने बताया कि महिला प्रतिभा कुलश्रेष्ठ का परिवार भरतपुर में रहता है। उनके पति राकेश कुलश्रेष्ठ एक कंपनी में कार्यरत थे। वेस्ट अर्जुन नगर में पैतृक मकान बना है। महीने में कुछ दिन प्रतिभा मकान की देखरेख करने के लिए आया करती थीं। अभी 15 दिन पहले आई थीं। तब से अकेले ही रह रही थीं। बताया जाता है कि रविवार को परिवार के लोगों ने उन्हें फोन किए, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किए। इस पर उन्हें चिंता हुई। पति राकेश ने अपने परिचित को घर भेजा। परिचित आए तो घर के ड्राइंग रूम में प्रतिभा का शव पड़ा हुआ था। घर खुला हुआ था। यह देखकर उन्होंने परिवार के लोग और पुलिस को सूचना दी।

शरीर पर चोट के निशान

सीओ का कहना है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही जा रही है। प्रथम दृष्टया घर में रखा सामान सुरक्षित है। महिला का पर्स और मोबाइल भी मिल गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।