आगरा: बिल्डर दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज, दिल्ली की महिला डॉक्टर से धोखाधड़ी का आरोप

Crime

आईजी आगरा से शिकायत पर आगरा के बिल्डर दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी बिल्डर दंपति पर न्यू आगरा क्षेत्र में निर्माणाधीन अपार्टमेंट में दो फ्लैट बेचने के नाम पर दिल्ली की महिला डॉक्टर से 77 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पीड़िता फ्लैट पर कब्जा लेने के लिए पिछले सात सालों से आरोपी बिल्डर दंपति के चक्कर काट रही है लेकिन 77 लाख लेने के बावजूद सात साल बाद भी फ्लैट पर कब्जा नहीं मिला। रकम भी वापस नहीं की। अपार्टमेंट पर एडीए ने सील लगा दी है।

दिल्ली निवासी है पीड़िता

सरिता विहार, नई दिल्ली निवासी डॉ. आरके मल्होत्रा ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि बिल्डर दंपति हीराबाग में वर्ष 2015 में मिले थे। उन्होंने निर्मित फ्लैट के बारे में बताया। इसका एडीए से नक्शा पास बताया। फ्लैट का लिखित इकरारनामा 77 लाख रुपये में कर लिया। उन्होंने 75,75,000 रुपये ले लिए। इसके अलावा एक और फ्लैट का 59 लाख रुपये में इकरारनाम लिखा। एक लाख रुपये एडवांस के रूप में ले लिए लेकिन फ्लैट नहीं मिले।

बाद में हुई अपार्टमेंट के अवैध होने की जानकारी
डॉ. आरके मल्होत्रा को बाद में पता चला कि अपार्टमेंट अवैध है। एडीए ने चार फ्लैट पर सील लगा दी है। उनके फ्लैट को किसी दूसरे को विक्रय कर दिया। पांच साल में 77 लाख रुपये लेने के बाद भी फ्लैट पर कब्जा नहीं दिया। पीड़िता ने मुख्य सचिव से लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया है। थाना न्यू आगरा पुलिस का कहना है कि विवेचना की जा रही है। साक्ष्य संकलन के बाद कार्रवाई की जाएगी।