आगरा: पूरा देश इस समय नफरत की आग में जल रहा है। कुछ राजनीतिक दल इस नफरत को भड़का कर और कायम रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं लेकिन राहुल गांधी इस नफरत की आग को खत्म करने और पूरे देश को एक करने के लिए आपसी भाईचारा व सद्भावना के साथ देश को जोड़ने का काम “भारत जोड़ो यात्रा” से कर रहे है। उन्हें इस यात्रा का युवाओं महिलाओं और हर वर्ग का भरपूर समर्थन भी मिल रहा है जिसके चलते भाजपा भी अब राहुल गांधी की इस यात्रा के चलते बैकफुट पर नजर आ रही है’ यह कहना था उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी का।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे। यहां पर उन्हें एक कार्यालय का उद्घाटन के साथ-साथ निगम चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। बैठक करने से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल काबरी माल रोड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
माल रोड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा की इस समय दुर्दशा हो रखी है। कांग्रेस कार्यकर्ता भी सिर्फ इंदिरा गांधी को उनकी जयंती और पुण्य तिथि पर ही याद करते हैं। इन्हीं 2 दिन केवल उनकी इस प्रतिमा पर पहुंचते हैं। आज इस प्रतिमा में कई दरारें आ गई हैं और प्रतिमा भी जर्जर अवस्था में पहुंच रही है लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को से कोई सरोकार नहीं है।
इस मामले को लेकर जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता हुई तो उनका कहना था कि वह आज पहली बार इस प्रतिमा पर पहुंचे हैं। प्रतिमा की स्थिति ठीक नहीं है, जल्द ही इस प्रतिमा को दुरुस्त करवाया जाएगा।
आगरा पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने निगम चुनाव को लेकर छीपीटोला स्थित आंबेडकर सामुदायिक भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने जिले और शहर में कांग्रेस संगठन की स्थिति को जानने का प्रयास किया। संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को दिशा-निर्देश भी जारी किए।
पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। इस बार चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, अत्याचार-अन्याय और जीएसटी जैसे प्रमुख मुद्दे रहेंगे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार ने तो दूध पर भी जीएसटी लगा दिया है जबकि बच्चा पैदा होते ही दूध मांगता है। इससे साफ है कि पार्टी से व्यापारियों को लाभ देने के लिए काम कर रही है उसे गरीब व्यक्तियों की कोई चिंता नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने उपचुनावों पर पूछे गए सवाल पर कहा कि कांग्रेस के लिए उपचुनाव लड़ना महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि देश को बचाना महत्वपूर्ण है। इसीलिए कांग्रेस पार्टी एक लक्ष्य बनाकर पूरी रणनीति तैयार कर रही है। उसके आगे आगामी लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है और वहीँ से देश की बागडोर भी चलती है। इसीलिए कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत करने और अभी से लोकसभा चुनाव को फोकस बनाकर कार्य करने में जुट गई है।