आगरा: जवाहर पुल पर वाहन ने एक्टिवा सवार युवक-युवती को रौंदा, मौके पर मौत

Crime

आगरा, 19 नवम्बर। थाना छत्ता क्षेत्र में स्थित यमुना नदी के पुल पर आज शनिवार की रात एक एक्टिवा पर सवार युवक-युवती को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रामबाग की तरफ से एक एक्टिवा पर सवार युवक-युवती भगवान टॉकीज की तरफ जा रहे थे। उसी समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

थाना प्रभारी छत्ता शेर सिंह ने बताया कि लड़की की शिनाख्त पूजा पुत्री शंकरलाल और लड़के की शिनाख्त दीपक शाक्य पुत्र कन्हैया लाल के रूप में हुई। उन्होंने मृत युवती की आयु लगभग 22 वर्ष और मृत युवक की आयु लगभग 25 वर्ष बताई। दोनों कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बल्केश्वर के निवासी थे। सूचना मिलने पर दोनों के परिवारीजन पोस्टमार्टम गृह पर पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, युवक व युवती शाम करीब साढ़े सात बजे जैसे ही यमुना का पुल पार करके भगवान टॉकीज को तरफ जाने के लिए बीच वाले पुल पर चढ़े, उसी समय पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और गिर पड़ी, जिसके बाद वाहन के नीचे एक्टिवा आ गई और उस पर बैठे युवक व युवती भी वाहन के नीचे आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो जाने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शवों हटवाने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।