नोएडा हिंसा पर अपनों का ‘वार’: बृजभूषण की बेटी शालिनी ने अपनी ही सरकार को घेरा, इंटेलिजेंस को बताया फेल

Regional

नोएडा: दिल्ली से सटे हाईटेक शहर नोएडा में श्रमिकों के हिंसक तांडव के बाद अब सियासत उबलने लगी है। इस बार हमला विपक्ष की ओर से नहीं, बल्कि भाजपा के दिग्गज नेता बृजभूषण शरण सिंह के परिवार की ओर से हुआ है। पूर्व सांसद की बेटी और नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी उपाध्यक्ष शालिनी सिंह ने एक वीडियो जारी कर उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इंटेलिजेंस की विफलता पर बड़ा सवाल

शालिनी सिंह ने अपने वीडियो संदेश में बेहद तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि नोएडा जैसे हाईटेक और विकसित शहर में हजारों की भीड़ जमा होकर हिंसा कर देती है और खुफिया तंत्र (Intelligence) को इसकी कानों-कान खबर तक नहीं होती। उन्होंने पूछा कि आखिर प्रशासन की नाक के नीचे इतना बड़ा सुरक्षा घेरा कैसे टूट गया? हजारों लोगों का उग्र होना और आगजनी करना पुलिस की सतर्कता पर एक बड़ा धब्बा है।

अपनों को ही घेरे में लेना चर्चा का विषय

दिलचस्प बात यह है कि शालिनी सिंह के पिता बृजभूषण शरण सिंह राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी हैं, उनके एक भाई भाजपा सांसद और दूसरे विधायक हैं। इसके बावजूद, अपनी ही सरकार और पुलिस विभाग की खामियों को उजागर कर शालिनी ने हलचल मचा दी है। उनका यह रुख जिले के उन हजारों उद्यमियों और नागरिकों की चिंता को स्वर दे रहा है जो इस हिंसा से डरे हुए हैं।

सियासी पारी की तैयारी का संकेत?

शालिनी सिंह का यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब उनके सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें तेज हैं। हाल ही में उन्होंने मीडिया से बातचीत में ‘परिवारवाद’ के आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सियासी विरासत का मजबूती से बचाव किया था। उनके इस ताजा वीडियो को भविष्य की चुनावी जमीन तैयार करने और अपनी ‘बेबाक’ छवि को जनता के बीच स्थापित करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

​फिलहाल, शालिनी सिंह के इन सवालों ने पुलिस महकमे में बेचैनी पैदा कर दी है और सोशल मीडिया पर उनका यह अंदाज खूब वायरल हो रहा है।