आगरा में खूनी संघर्ष: भाई का विवाद सुलझाने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, कचहरी घाट में सनसनी

Crime

​आगरा: ताजनगरी के छत्ता थाना क्षेत्र स्थित कचहरी घाट इलाके में रविवार रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। भाई के झगड़े में बीच-बचाव करने और मामला सुलझाने पहुंचे हर्ष जैन नामक युवक की दबंगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर जान ले ली। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

समझौते की कोशिश पड़ी महंगी

मृतक हर्ष जैन, जो कचहरी घाट की पत्तल गली का निवासी था, अपने भाई के साथ हुए विवाद को खत्म कराने के इरादे से आरोपियों के पास पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान दबंगों ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने हर्ष पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए हर्ष का सिर जमीन पर जोर से पटक दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

​युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। स्थानीय लोगों में पुलिस के इकबाल को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।