आगरा: ताजनगरी के ताजगंज क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पनपा प्रेम निकाह के बाद एक ऐसी साजिश निकला, जिसने एक विवाहिता का जीवन नर्क बना दिया। पीड़िता का आरोप है कि हाथरस निवासी उसके पति ने न केवल शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि निकाह के बाद उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो रिश्तेदारों में वायरल कर दिए।
दोस्ती, दुष्कर्म और मजबूरी का निकाह
पीड़िता साजिया के अनुसार, करीब ढाई साल पहले हाथरस निवासी नाजिम से उसका रिश्ता तय हुआ था। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत जल्द ही प्रताड़ना में बदल गई। आरोप है कि नाजिम ने शादी तोड़ने की धमकी देकर उसे सदर बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बदनामी के डर से साजिया चुप रही और अप्रैल 2025 में दोनों का निकाह हो गया।
गर्भावस्था में भी बेरहमी और डिजिटल ब्लैकमेलिंग
निकाह के बाद साजिया की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ गईं। उसे पता चला कि नाजिम अन्य महिलाओं के संपर्क में है। विरोध करने पर आरोपी ने साजिया की पुरानी तस्वीरों को हथियार बना लिया और उसे बदनाम करने की धमकी दी।
साजिया का आरोप है कि चार माह की गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ मारपीट की गई और उसे सही इलाज तक नहीं दिया गया। हद तो तब हो गई जब ससुराल पक्ष ने उसके मायके जाकर गाली-गलौज की और उसके निजी फोटो रिश्तेदारों को भेज दिए।
कानूनी कार्रवाई
पीड़िता की तहरीर पर ताजगंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

