आगरा: पत्नी ने डॉक्टर पति के सामने रखी शर्त महिला मरीजों को नहीं देखेंगे..और बात बन गई

स्थानीय समाचार

आगरा: दंत चिकित्सक पति के प्रति पत्नी का शक बढ़ा तो मामला पुलिस परिवार परामर्श केंद्र पहुंच गया। यहां रविवार को काउंसलिंग के दौरान पत्नी ने पति के सामने शर्त रख दी कि वह महिला मरीजों को नहीं देखेंगे। पति को शर्त माननी पड़ी। इसके बाद पत्नी साथ चलने को तैयार हुई।

शहर के एक दंत चिकित्सक की शादी दो वर्ष पहले हुई है। पति का क्लीनिक धौलपुर में है। वह अक्सर वहीं रुक जाते हैं, जबकि पत्नी चाहती थी कि वह शहर में रहकर ही अपना क्लीनिक खोलें। पति इसके लिए तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि क्लीनिक वहां पर अच्छा चल रहा है। इस पर पत्नी ने उनके साथ चलकर रहने के लिए कहा। पति इसके लिए भी राजी नहीं हुए, जिससे दोनों में रार होने लगी।

पत्नी को पता चला पति के क्लीनिक पर महिला मरीजों की संख्या ज्यादा होती है, जिससे उसे पति पर शक हो गया। उन्होंने पति से महिला मरीजों को देखने के लिए अलग सहायक रखने को कहा। पति ने इसे अनसुना कर दिया। इस पर पत्नी नाराज होकर मायके चली गई।

अगले कुछ दिनों में दंत चिकित्सक पति और उनकी पत्नी का विवाद पुलिस के पास पहुंच गया। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचने पर पत्नी ने शर्त रख दी कि पति महिला मरीज को नहीं देखेंगे। इसके लिए एक महिला सहायक रखेंगे। पत्नी का शक दूर करने के लिए पति इसके लिए राजी हो गए। इसके बाद पति-पत्नी के बीच सुलह हाे सकी।

परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को काउंसलिंग के बाद पांच जोड़ों में सुलह हुई। इतने ही अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश किए गए।