आगरा: शादी में गया परिवार, चोर हो गए माल समेट कर फरार

Crime

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के ग्राम श्यामो में शनिवार की आधी रात को चोरों ने बंद घर को निशाना बना लिया। परिवार शादी में गया हुआ था। पीछे से चोर घर के ताले तोड़ वहां रखे नकदी-जेवरात ले गए। रविवार की सुबह दूधिया के घर आने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

श्यामो निवासी चोब सिंह की ससुराल में शनिवार को शादी थी। वह परिवार जगनेर शादी में शामिल होने गए थे। रविवार की सुबह दूधिया उनके घर आया था। उसने मुख्य दरवाजे को खुला देखा। उसके ताले टूटे हुए थे। दूधिया ने पास में ही रहने वाले चोब सिंह के परिवार को इसकी जानकारी दी। वह मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चोब सिंह और पुलिस भी भी आ गई।

चोब सिंह की पत्नी सुनीता ने बताया कि चोरों ने मुख्य दरवाजे समेत सभी कमरों के ताले तोड़ दिए थे। कमरों की तलाशी लेने के दौरान अलमारियों में रखा सारा सामान फर्श पर फेंक दिया था। चोर अलमारी के लाकर को तोड़कर करीब एक किलोग्राम चांदी के जेवरात, दो तोले सोने के जेवरात और 45 हजार रुपये ले गए। आशंका जताई जा रही है कि चोर पहले से रेकी कर रहे थे। उन्हें परिवार के शादी में शामिल होने का पता था।