आगरा: प्रथम दिन पर्यूषण महापर्व का किया स्वागत, महावीर भवन जैन स्थानक में उमड़ा धर्म का ज्वार

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा: पर्वाधिराज पर्यूषण पर्व के पहले दिन सभी श्रावकों में उत्साह दिखाई दिया। इस महापर्व का सभी ने स्वागत किया और व्रत, उपवास, साधना के संकल्प लिए। आठ दिन तक लगातार धर्म भावना प्रवाहित होगी। इसके बाद क्षमावाणी पर्व मनाया जाएगा। बुधवार के मुख्य अतिथि महापौर नवीन जैन थे।

राजा मंडी के जैन स्थानक में पर्यूषण पर्व का शुभारंभ बुधवार को हो गया। नेपाल केसरी, मानव मिलन संगठन के संस्थापक जैन मुनि डॉ. मणिभद्र महाराज ने संवत्सरी का महत्व बताया। कहा कि यह प्रकृति द्वारा बनाया गया मानवता का पर्व है। यह अनादि काल से मनाया जा रहा है। जो इस पर्व को नहीं मनाता, वह इस पर्व के अमृत रस से वंचित हो जाता है। इन आठ दिनों में 9० महान आत्माओं के चरित्र सुनने को मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि श्रावकों को कभी तर्क, वितर्क नहीं करना चाहिए। वह पुण्य क्या, जो पाप द्वारा अर्जित किया जाए। पाप लोहे की जंजीर और पुण्य सोने की जंजीर है, इन सबसे मुक्ति पाकर ही आत्मा पर विजय प्राप्त की जा सकती है। मुनिवर ने कहा कि व्यक्ति में ज्ञान तो बहुत है। वह सब जानता है कि मोह, माया, ममता, क्रोध से क्या नुकसान होता है, लेकिन वह उसे छोड़ता नहीं हैं। जैन संत ने कहा कि साधु कभी किसी को आदेश नहीं देते, क्योंकि पालन न करने पर दुख होता है। वे केवल उपदेश या प्रवचन ही देते हैं।

आज यानिकि बुधवार के मुख्य अतिथि महापौर नवीन जैन थे। उनका सभी ने स्वागत किया। महापौर ने कहा कि जो पीढ़ी अपने पूर्वजों का, परिवार, समाज और धर्म का इतिहास नहीं जानती, वह कभी प्रगति नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि हालांकि सभी धर्म समान हैं, सभी में त्याग, बलिदान, तपस्या का महत्व है, लेकिन जैन संतों के त्याग को सभी धर्म गौरव मानते हैं। जैन संत नागरिकों को जगाने का काम करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि पर्युषण पर्व के 8 दिन तक भी श्रावक डायरी पैन लाएं और संतों के प्रवचनों को सुनें और नोट करें। बाद में पूरे साल इन्हें पढ़ेंगे, समझेंगे तो कल्याण होगा।

प्रयुषण पर्व के प्रथम दिवस की धर्म सभा में नीतू जैन, दयालबाग एवम रजनी जैन की 9 उपवास एकमलेश नायन जी की 8 उपवास, उमा जैन एवं अनिता जैन की 6 उपवास एवम सुमित्रा सुराना की 4 उपवास की तपस्या चल रही है। बालकिशन जैन, लोहामंडी की 13 आयंबिल की तपस्या चल रही है ।

आयम्बिल की लड़ी ऋतु जैन एवम मधु बुरड़ ने आगे बढ़ाई। बुधवार 24 अगस्त से नवकार मंत्र का 24 घंटे का अखंड जाप का आयोजन जैन मुनि डॉक्टर मणिभद्र महाराज , पुनीत मुनि एवम विराग मुनि के सानिध्य में महावीर भवन जैन स्थानक में 31 अगस्त तक पर्युषण महापर्व के पावन अवसर पर प्रारंभ हो गया है। जिसमे प्रात: 6 बजे से सायं 6 बजे तक महिलाओं द्वारा जाप किया जा रहा है एवम सायं 6 बजे से प्रात: 6 बजे तक होने वाले अखंड जाप में पुरुष भाग ले रहे है। 24 अगस्त से 31 अगस्त तक अंतगड सूत्र वाचन प्रतिदिन प्रात: 8.3० बजे से होगा,एवम पुरुषों का प्रतिक्रमण महावीर भवन एवम महिलाओं का सुराना भवन में शाम 7 बजे से 8 बजे तक प्रतिदिन चलेगा।

-up18news