Agra News: कृष्णा कॉलोनी में सिलेंडर फटने से मकान की छत उड़ी, हादसे में कोई हताहत नहीं

Crime

आगरा: जीवनी मंडी स्थित कृष्णा कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर को एक मकान की ऊपरी मंजिल में बने कमरे में तेज धमाका हो गया। धमाके से छत गिर गई और आग लग गई। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायर बिग्रेड ने आग बुझाई है। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

कृष्णा कालोनी में गुलशन मदान रहते हैं। मकान के प्रथम तल पर एक कमरा बना हुआ है। बताया गया है कि कमरे में कबाड़ घरा था। उसमें एक छोटा और एक बड़ा गैस सिलेंडर रखा था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक से एक तेज धमाका हुआ।

धमाके की आवाज सुनकर लोग बाहर आए। देखा तो कमरे में आग लग गई थी। आग की लपटें निकल रही थीं। आग की लपट देखकर आसपास के लोग बाहर आ गए। अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने दूसरे मकान की छत पर जाकर आग पर बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पाया।

लोगों ने बताया कि धमाका बहुत तेज था। धमाके के चलते कमरे की छत उड़ गई। कमरे में दो सिलेंडर में से एक सिलेंडर फट गया। इससे सामान में आग लग गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।