आगरा। बल्केश्वर स्थित गोशाला में आगामी आयोजित होने जा रहे भव्य ‘श्री कृष्ण लीला महोत्सव’ को लेकर तैयारियां जोरों पर शुरू हो चुकी हैं। इस वर्ष इस धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन आगामी 13 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और उनकी विभिन्न लीलाओं का बेहद मनोहारी मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक प्रदीप ठाकुर के मार्गदर्शन में होगा।
इस आयोजन को और अधिक आकर्षक, भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों के मुताबिक, अजय पटाखे वाले द्वारा की जाने वाली आतिशबाजी का प्रदर्शन पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार और भी अधिक भव्य और रोमांचक होगा। लीला के विभिन्न प्रसंगों के अनुरूप होने वाली यह आतिशबाजी दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
यातायात व्यवस्था को देखते हुए बदला गया रूट
वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजन की रूपरेखा को लेकर हुई एक आवश्यक बैठक में सोसाइटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रशासनिक नियमों और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से इस बार ‘कंस की दुहाई’ की सवारी शहर के पारंपरिक मुख्य मार्गों पर न निकालकर कमला नगर और बल्केश्वर क्षेत्र के चुनिंदा मार्गों पर निकाली जाएगी। इससे जहां एक ओर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बाधित नहीं होगी। हालांकि, गोचरण का पारंपरिक मार्ग पहले की भांति पूरी तरह यथावत रहेगा।
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस वर्ष लीला के स्वरूप को और अधिक प्रभावशाली व जीवंत बनाने के लिए कुछ प्रमुख प्रसंगों में आवश्यक बदलाव भी किए जा रहे हैं, जिससे दर्शकों को इस बार लीला का एक नया और आधुनिक रूप देखने को मिलेगा।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
बैठक के समापन पर शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए खुशबू और पूनम को ‘बेस्ट टीर’ के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजय रोहतगी, अशोक गोयल, शेखर गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, के.के. अग्रवाल, के.सी. अग्रवाल, आदर्श नंदन गुप्ता, वीरेंद्र अग्रवाल और जवाहर लाल सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
