आगरा के मनःकामेश्वर मंदिर में श्रीनाथ जी महाराज का छठी उत्सव संपन्न: 1 अक्टूबर को दिगनेर में होगा वानप्रस्थ आश्रम का लोकार्पण

विविध

​आगरा। सावन मास की पावन बेला के अंतर्गत श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावतपाड़ा में श्रावण मास के विशेष अनुष्ठान करने वाले भक्त परिवारों द्वारा श्रीनाथ जी महाराज का भव्य छठी उत्सव एवं प्रसादी समारोह बुधवार को पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक उत्सव में भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर श्रीनाथ जी महाराज का आशीर्वाद लिया।

​इस धार्मिक उत्सव का शुभारंभ श्री महंत योगेश पुरी और मठ मंदिर प्रशासक हरिहर पुरी द्वारा श्रीनाथ जी महाराज की विधिवत आरती के साथ किया गया। इसके बाद पूरे विधि-विधान से ‘मधुराष्टक’ का पाठ संपन्न हुआ। मधुराष्टक के मधुर और भक्तिमय स्वरों से पूरा मठ मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।

​सनातनी परंपराएं समाज को जोड़ती हैं: श्री महंत योगेश पुरी

इस अवसर पर श्री महंत योगेश पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि सावन मास भारतीय सनातन परंपरा में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस पवित्र माह में पूरी श्रद्धा के साथ किए जाने वाले पूजा-अनुष्ठान मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मिक शांति और धार्मिक चेतना का संचार करते हैं। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर की प्राचीन धार्मिक परंपराएं लगातार श्रद्धालुओं को अपनी सनातन संस्कृति और आस्था से जोड़े रखने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति सिर्फ पूजा-अर्चना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में सेवा, संस्कार और मानवता के भाव को मजबूत बनाती है।​

आगामी धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा

मठ मंदिर के प्रशासक हरिहर पुरी ने जानकारी दी कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब मंदिर प्रशासन ने आगामी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में सबसे पहले 1 अक्टूबर को गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर में मनःकामेश्वर मठ मंदिर द्वारा नवनिर्मित भव्य ‘वानप्रस्थ आश्रम’ का लोकार्पण किया जाएगा। यह आश्रम धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के अनुभवों से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन करेंगे और विभिन्न सेवा कार्यों से जुड़ेंगे।

​इसके उपरांत, आगामी 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक ऐतिहासिक श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के जरिए भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, धर्म और सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा, जिसकी तैयारियां अभी से व्यापक स्तर पर शुरू कर दी गई हैं।