Agra News: पीड़ित परिवारों को मिली 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद, विधायक डॉ धर्मेश ने दिए चेक

स्थानीय समाचार

आगरा: सदर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि बस्ती स्थित 15 क्वार्टर के चार युवकों की यमुना में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना से पूरी बस्ती में कोहराम मच गया था। इस घटना के बाद परिजनों से मिलने और उन्हें सांत्वना देने के लिए विधायक डॉक्टर धर्मेश भी पहुंचे थे। इन गरीब पीड़ित परिवारों को सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन भी लेकर आए थे। आज विधायक डॉक्टर धर्मेश ने इस आश्वासन को पूर्ण कर दिया। विधायक डॉ धर्मेश भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वाल्मीकि बस्ती 15 क्वार्टर पहुंचे। यहां पर यमुना में डूब कर जान गंवाने वाले चारों युवाओं के परिजनों से मुलाकात की और सरकार की ओर से दी गई आर्थिक सहायता के चेक दिए।

घटना 3 जून की है। वाल्मीकि बस्ती में एक वृद्ध महिला की सामान्य मौत हो गई थी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चारों युवा ताजगंज पहुंचे थे। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद चारों युवक यमुना किनारे पहुंच गए। यहां यमुना में नहाने के दौरान चारों युवक एक दूसरे को बचाने के चलते डूब गए थे। अगले दिन चारों युवकों के शव बरामद हो पाए थे।

क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर धर्मेश ने बताया कि यहां जब वह आए थे तो देखा था यहां के लोग बेहद गरीब थे। इन लोगों की आर्थिक मदद हो सके इसके लिए उन्होंने जिला अधिकारी से भी वार्ता की थी। इस संबंध में दैवीय आपदा योजना के अंतर्गत सरकार की ओर से चारों मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता आज दी गई है। विधायक का कहना है कि आर्थिक मदद के अलावा और भी जो मदद हो सकेगी वह मदद भी की जाएगी।