Agra News: सदर में हत्या के उद्देश्य से बाइक सवारों ने की फायरिंग, दो गोलियां दूल्हे की कार को भी लगी

Crime

आगरा: थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत उखर्रा रोड पर बुधवार को तीन बाइकों से पहुंचे नौ बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की दो गोलियां निकट खड़ी स्कार्पियो कार में भी लगीं, जिससे उसके शीशे टूट गए। यह कार एक दूल्हे की थी, शाम को ही उसकी बरात जानी थी, उससे पहले दूल्हा सैलून में आया था और कार बाहर खड़ी थी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। तीन बाइक से नौ बदमाश फायरिंग के बाद हवा में तमंचा लहराते हुए भाग निकले। फायरिंग से दूल्हा घबरा गया और उसने पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो मामला मोहल्ले के एक युवक से रंजिश का निकला। उसी हत्या करने के लिए युवक आए थे। लेकिन, शोर-शराबा होने पर भाग निकले। पता चला कि स्थानीय निवासी अनुज शर्मा ने पूर्व में कुछ लोगों का अवैध असलहा खरीदते समय वीडियो बना कर पुलिस को दिया था। इसके बाद से ही आरोपी उससे रंजिश मान रहे थे। धमकियां देते थे। अनुज शर्मा ने बताया कि उसने पुलिस को भी इस बारे में बताया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

अनुज शर्मा का आरोप है की बुधवार को दोपहर ढाई बजे के लगभग तीन बाइकों पर सवार होकर राहुल गुर्जर, रोहित गुर्जर, तुषार गुप्ता व अमित गुप्ता नामक युवक अपने पांच अन्य साथियों के साथ तीन बाइक पर आए थे। उन्हीं लोगों ने उस पर हमला किया। हमले में उसके हाथ पर गोली लगी। वे उसकी हत्या करना चाहते थे।

आरोपी क्षेत्र में कई राउंड फायरिंग करते हुए फरार हुए। इस दौरान उन्होंने एक स्कार्पियो कार पर भी फायरिंग कर दी थी। यह कार थाना सदर के देवरी रोड निवासी राहुल सागर की थी। राहुल की आज शादी थी। वह अपने साथी जितेंद्र के साथ शेविंग कराने उखर्रा रोड पर आया था। उसने अपनी स्कार्पियो दुकान के पास ही खड़ी कर दी थी। सैलून में चला गया था। फायरिंग में दूल्हे राहुल सागर की स्कार्पियो पर भी दो गोलियां लगी। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। एक बाइक और कारतूस के खाली खोखे पुलिस ने मौके से बरामद किए। फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घबराए दूल्हे ने भी दी तहरीर

घटना के बाद दूल्हा भी बुरी तरह घबरा गया। उसने बताया कि शाम को उसकी बारात जानी है। मगर, उनकी गाड़ी पर हुई फायरिंग से वह दहशत में है। दूल्हे की ओर से भी थाना सदर में तहरीर दी गई। एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।