Agra News: चिकित्सकों को हॉस्पिटल में 20 तक लगानी होगी सेवा शुल्क की सूची, अन्यथा होगी कार्रवाई

स्थानीय समाचार

आगरा: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने चिकित्सकीय संस्थानों में सेवाओं की शुल्क सूची अनिवार्य रूप से लगाने के लिए 20 जुलाई तक का मौका दिया है। इसके बाद 21 से कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग में 1269 चिकित्सकीय संस्थान पंजीकृत हैं। इनमें ओपीडी में डॉक्टर की फीस, बेड का चार्ज, ऑक्सीजन चार्ज, आईसीयू का शुल्क, नर्सिंग चार्ज, वेंटिलेटर का शुल्क, प्रसव, सिजेरियन, विभिन्न बीमारियों के ऑपरेशन समेत अन्य सेवाओं का शुल्क बोर्ड पर लगाना जरूरी है। इससे मरीजों को इलाज से पहले शुल्क की जानकारी हो जाए। बाद में अन्य चार्ज लगाकर मरीजों से ठगी न हो सके। अधिकांश जगह सूची नहीं लगी है।

सीएमओ ने बताया कि 20 जुलाई तक सभी चिकित्सकीय संस्थानों को सेवाओं का शुल्क सूची अस्पताल के बाहर और रिसेप्शन पर लगानी होगी। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी देनी होगी। 21 जुलाई को विवरण समिति और शासन को भेज दिया जाएगा। निरीक्षण में सूची नहीं मिलने पर कार्रवाई होगी। आईएमए अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव ने बताया कि सभी चिकित्सकों को अपने संस्थान में सूची लगाने के लिए कह दिया गया है।