Agra News: कमला नगर के पार्कलेन होटल में असामाजिक तत्वों ने की जमकर तोड़फोड़, पुलिस कार्यवाई में जुटी

Crime

आगरा। कमला नगर स्थित पार्कलेन होटल एंड रेस्टोरेंट में बीती देर रात आधा दर्जन असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ की। मुख्य गेट पर लगे शीशों को ईंटें मारकर चकनाचूर कर दिया। असमाजिक तत्वों ने होटल के अंदर घुसकर स्टाफ के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। घटना से पॉश इलाके में आक्रोश एवं दहशत का माहौल व्याप्त है।

होटल संचालक अमित अग्रवाल ने बताया कि होटल में तोड़फोड़ करने वाले असमाजिक तत्व स्थानीय थे। पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए असमाजिक तत्वों की पहचान करने में लगी है। घटना रविवार रात 12.30 बजे की है। उस समय होटल में वीरेंद्र सिंह, नरेश कुशवाह, गार्ड मनीष आदि मौजूद थे।

उन्होंने बताया कि हमलावरों का इरादा लूटपाट करने का था लेकिन स्टाफ के प्रबल विरोध के चलते वे अपने इरादों में सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, पूर्व पार्षद संजय अग्रवाल समेत अनेक गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए। विधायक ने पुलिस से कहा है कि असमाजिक तत्वों की जल्द से जल्द पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जाए।