Agra News: साला बनकर एक ट्रांसपोर्टर से सायबर ठगों ने ठगे 90 हजार, मामला दर्ज

Crime

आगरा: शहर में साइबर फ्रॉड के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। एक साइबर अपराधी ने साला बनकर एक ट्रांसपोर्टर को ठग लिया। उसने एक खाते में 90 हजार रुपये जमा करा लिए। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर थाना एत्माद्दौला में मामला दर्ज किया गया है।

कालिंदी विहार स्थित राहुल रेजिडेंसी में रहने वाले ट्रांसपोर्टर निर्मल कुमार के साथ यह घटना हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर एक काॅल आई। काॅल करने वाले ने खुद को उनका साला बताया। वह इस तरह से बोल रहा था कि उन्हें अपने साले की आवाज लगी। वो बात करने लगे। उसने कहा कि एक व्यक्ति खाते में रकम भेजेगा। उसके खाते में ट्रांसफर नहीं हो पा रहा है। आपके खाते में आए तो ट्रांसफर कर देना।

इसके बाद उनके पास तीन मैसेज आए। इसमें 90 हजार खाते में आने का मैसेज भी था। उन्होंने समझा कि खाते में रकम आ गई। इस पर उन्होंने अपने बेटे के खाते से रकम बताए खाते में ट्रांसफर करा दी। निर्मल ने बताया कि जब उन्होंने अपना खाता ऑनलाइन चेक किया तो खाते में रकम नहीं आई थी। मोबाइल पर मैसेज फर्जी तरीके से भेजे गए थे।

उन्होंने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि खाता बांदा की एक बैंक की शाखा का है। इसमें बुलंदशहर की आईडी लगी थी। शनिवार को इस मामले में थाना एत्माद्दौला में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।